Tips To Prevent Allergy During Diwali Cleaning: दिवाली आते ही घरों में सफाई का उत्साह चरम पर होता है। लोग कोने-कोने तक की सफाई करने लगते हैं, पुराने सामान निकालते हैं और हर चीज को चमका देना चाहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही सफाई कभी-कभी सेहत पर भारी पड़ सकती है? धूल, मिट्टी, फफूंदी और क्लीनिंग केमिकल्स से एलर्जी होना बहुत आम बात है। कई लोगों को छींक आना, आंखों में जलन, या सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें होती हैं। ऐसे में जरुरी है कि दिवाली की तैयारी के साथ-साथ अपनी सेहत की भी तैयारी की जाए। आइए जानते हैं कुछ आसान और असरदार टिप्स जो आपको सफाई के दौरान एलर्जी से बचा सकते हैं।
Allergy During Diwali Cleaning
मास्क और ग्लव्स पहनना न भूलें
सफाई के दौरान सबसे ज्यादा धूल उड़ती है, जो सांस के जरिए शरीर में जा सकती है। इससे एलर्जी, खांसी या अस्थमा जैसी तकलीफ बढ़ सकती है। इसलिए सफाई शुरू करने से पहले हमेशा मास्क पहनें और हाथों में ग्लव्स लगाएं। इससे न केवल धूल बल्कि क्लीनिंग प्रोडक्ट्स के केमिकल्स से भी आपकी स्किन और फेफड़े सुरक्षित रहेंगे।
केमिकल बेस्ड क्लीनर्स की जगह नैचुरल ऑप्शन अपनाएं
मार्केट में मिलने वाले बहुत से क्लीनिंग लिक्विड्स और फ्लोर क्लीनर्स में हार्श केमिकल्स होते हैं, जो स्किन और सांस दोनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनकी जगह नींबू, सिरका, बेकिंग सोडा जैसे नैचुरल ऑप्शन इस्तेमाल करें। ये न सिर्फ सेफ हैं बल्कि घर के दाग-धब्बे भी आसानी से साफ कर देते हैं।
सफाई के दौरान वेंटिलेशन जरूर रखें
सफाई करते वक्त खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें ताकि कमरे में ताजी हवा आती रहे। इससे धूल और केमिकल्स का असर कम होगा और सांस लेने में दिक्कत नहीं होगी। अगर आप क्लीनिंग स्प्रे या डिटर्जेंट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो कोशिश करें कि पंखा या एग्जॉस्ट चालू रहे ताकि गैसें बाहर निकलती रहें।
धीरे-धीरे करें सफाई, एक साथ सब न झोंकें
दिवाली की सफाई का मतलब ये नहीं कि एक ही दिन में पूरा घर चमका दिया जाए। ऐसा करने से शरीर पर ज्यादा दबाव पड़ता है और धूल का असर भी ज्यादा होता है। कोशिश करें कि हर दिन एक हिस्से की सफाई करें – जैसे पहले किचन, फिर स्टोर रूम, फिर बेडरूम। इससे न सिर्फ थकान कम होगी बल्कि एलर्जी का खतरा भी घटेगा।
सफाई के बाद शॉवर जरूर लें और कपड़े बदलें
सफाई खत्म होने के बाद शरीर और बालों पर धूल जम जाती है, जो स्किन रैशेज और इचिंग का कारण बन सकती है। इसलिए सफाई के तुरंत बाद गुनगुने पानी से नहाएं और साफ कपड़े पहनें। इससे शरीर पर जमी धूल निकल जाएगी और एलर्जी का खतरा भी टल जाएगा।
अगर एलर्जी के लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें
अगर सफाई के दौरान छींक आना, आंखों में पानी, या सांस लेने में परेशानी महसूस हो, तो इसे हल्के में न लें। यह एलर्जी का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें और खुद से कोई दवा न लें। शुरुआती केयर से बड़ी दिक्कतों को रोका जा सकता है।
दिवाली की सफाई ज़रूरी है, लेकिन सेहत उससे भी ज़्यादा। थोड़ी सी सावधानी और ये आसान से घरेलू उपाय अपनाकर आप न केवल अपना घर चमका सकते हैं बल्कि अपनी हेल्थ भी बरकरार रख सकते हैं। याद रखें, साफ-सुथरा घर तभी शुभ होता है जब उसमें रहने वाले लोग स्वस्थ हों।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
