Sprouts Benefits in Hindi: स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज। चाहे अंकुरित दालें हों, चना हो या गेंहू हो,लोग इसे हैवी वर्कआउट करने वालों की डाइट मानते हैं लेकिन असल में ऐसा बिल्कुल नहीं है। न्यूट्रीशन से भरपूर स्प्राउट्स बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक और महिलाओं के लिए भी बेहद अच्छा फूड माना जाता है। प्रोटीन, विटामिन्स और मिनिरल्स से भरपूर ये खाद्य पदार्थ हमारी इम्यूनिटी पावर को भी मजबूत करता है। आज जानते हैं कि हमें स्प्राउट्स कितनी मात्रा में खाना चाहिए और इसे खाने का सही तरीका क्या है।
अनाज कैसे होता है अंकुरित (How to prepare sprouts)
जब हम किसी भी साबुत अनाज, दालें और बीन्स आदि को 1 से 2 दिन के लिए पानी में भिगोकर छोड़ देते हैं तो उनमें से छोटे-छोटे अंकुर निकल आते हैं। अंकुर निकले इस तरह के अनाज को ही हम ‘स्प्राउट्स’ या ‘अंकुरित अनाज’ कहते हैं। हेल्थ एक्सपर्टस की मानें तो साबुत अनाज के अंकुरित हो जाने के बाद उसमें पोषक तत्वों की मात्रा और बढ़ जाती हैं और ये पाचन में भी आसान हो जाते हैं। अंकुरित अनाज में विटामिन-डी और एंटीऑक्सीडेंट की भरपूर मात्रा होने से ये हमारी बॉडी को मजबूत करने के साथ-साथ डिटॉक्स भी करता है।
कितनी मात्रा है पर्याप्त (Quantity of Sprouts)
स्प्राउट को अपने नाश्ते में शामिल करते समय आपको ये सलाह दी जाती है कि इसे आप भरपेट खा सकते है। यदि आप अपने नाश्ते में कुछ और चीजों को भी शामिल करना चाहते हैं तो कम से कम एक कटोरी स्प्राउट्स तो आपकी डाइट में शामिल होना ही चाहिए।
स्प्राउट्स खाने का सही तरीका (Sprouts eating process)
स्प्राउट्स हमारी हेल्थ के लिए बेहद अच्छे होते हैं लेकिन कई बार अंकुरित अनाज खाने से फूड पॉजनिंग के मामले भी देखने को मिले हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि अंकुरित अनाज खाने का सही तरीका क्या है।
कच्चा स्प्राउट्स हो सकता है हानिकारक
ज्यादातर लोग अंकुरित अनाज को कच्चा ही खाना पसंद करते हैं जिसके कारण कभी-कभी उन्हें फूड पॉयजनिंग की समस्या हो जाती है और उनके पेट में दर्द होने लगता है। जिसका कारण अनाज के अंकुरण के दौरान उसमें हानिकारक बैक्टीरिया का पनप जाना है। खाने के साथ बैक्टीरिया आपके पेट में चला जाता है और आपको उल्टी पेट दर्द जैसी समस्या हो सकती है।
क्या है सही तरीका
स्वस्थ और मजबूत इम्यूनिटी के लोग स्प्राउट्स को कच्चा ही खा सकते हैं लेकिन बच्चे बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को स्प्राउट्स को हमेशा उबालकर या थोड़ा पकाकर ही खाना चाहिए जिससे उसमें पैदा होने वाला बैक्टीरिया मर जाता है और आपकी सेहत को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है।
