shoulder pain gym: जिम में वर्कआउट करते समय अगर बार-बार कंधे में दर्द हो रहा है तो सावधान हो जाइए। किसी खास एक्सरसाइज के दौरान अगर अक्सर आपके साथ ऐसा होता है तो इसे सिर्फ सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। कई बार दर्द शरीर का संकेत होता है कि एक्सरसाइज करने का तरीका सही नहीं है या मांसपेशियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा है। खासकर शोल्डर वर्कआउट, बेंच प्रेस, चेस्च प्रेस और इनक्लाइन चेस्ट प्रेस जैसी एक्सरसाइज में गलत फॉर्म कंधे की परेशानी बढ़ा सकती है।
वर्कआउट के दौरान कंधे में दर्द
वर्कआउट के दौरान कंधे में दर्द क्यों होता है?
कंधा शरीर के सबसे ज्यादा मोबाइल जॉइंट्स में से एक है। यही वजह है कि इसे वर्कआउट के दौरान काफी मूवमेंट करनी पड़ती है। अगर एक्सरसाइज करते समय पॉस्चर, ग्रिप या मूवमेंट सही नहीं है, तो कंधे के आसपास की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
कंधे में दर्द के कुछ सामान्य कारण हो सकते हैं-
गलत वर्कआउट फॉर्म
बहुत ज्यादा वेट उठाना
बिना वॉर्मअप के एक्सरसाइज शुरू करना
अचानक वजन बढ़ा देना
एक ही मसल ग्रुप को लगातार ट्रेन करना
शरीर की क्षमता से ज्यादा रिपिटिशन करना
कई लोग जिम में जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में वजन बढ़ाते जाते हैं। लेकिन सिर्फ ज्यादा वजन उठाना ही बॉडी बनने की गारंटी नहीं है। अगर वजन संभालने के लिए शरीर को झटका देना पड़ रहा है, कंधे आगे की तरफ खिंच रहे हैं या मूवमेंट पर कंट्रोल नहीं है, तो वजन कम करना बेहतर है। याद रखें, ज्यादा वजन उठाने से ज्यादा जरूरी सही फॉर्म में एक्सरसाइज करना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
वॉर्मअप को न करें मिस
अगर किसी एक्सरसाइज को करते समय तेज या चुभने वाला दर्द महसूस हो रहा है, तो उसे जबरदस्ती जारी न रखें। बेंच प्रेस करते वक्त ध्यान दें कि शोल्डर को बहुत ज्यादा पीछे न खींचें इसके अलावा वजन क्षमता के हिसाब से रखें, स्विंग करके वजन न उठाएं। अचानक झटका देकर बॉडी न खींचें। कई लोग जिम पहुंचते ही सीधे हैवी वर्कआउट शुरू कर देते हैं। यह आदत कंधों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है। वर्कआउट से पहले कुछ मिनट का हल्का वॉर्मअप शरीर को एक्सरसाइड के लिए तैयार करने में मदद कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
दर्द होने पर क्या करें?
अगर वर्कआउट के दौरान कंधे में दर्द शुरू हो गया है, तो सबसे पहले उस एक्सरसाइज को रोकें। दर्द को दबाकर दोबारा हेवी सेट लगाने की कोशिश न करें। कुछ मामलों में आराम करने से सामान्य muscle soreness कम हो सकती है। लेकिन अगर दर्द लगातार बना रहता है, रात में भी परेशान करता है, कंधे की मूवमेंट मुश्किल हो रही है या सूजन जैसी समस्या दिखाई देती है, तो डॉक्टर से जांच करवाना सही रहेगा।
