Nipah Virus In Kerala In Hindi : केरल के मलप्पुरम जिले के पेरिनतलमण्णा में निपाह वायरस के एक संदिग्ध मामले की पुष्टि हुई है। निपाह वायरस के लक्षणों के साथ 42 साल की एक महिला को एक अस्पताल में एडमिट कराया गया है। निपाह का मामला सामने आते ही लोगों में दहशत फैल गई है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, महिला मलप्पुरम जिले के वालांचेरी इलाके की रहने वाली है। जिसे पेरिनतलमण्णा के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां स्वास्थ्य कर्मियों को महिला के निपाह संक्रमण का संदेह है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
जांच को भेजा सैंपल
निपाह वायरस के मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। लेकिन लक्षणों को देखते हुए डॉक्टर्स इसे निपाह का मामला ही मान रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने रोगी के सैंपल को नेशनल लैब में टेस्टिंग के लिए भेज दिया है। जिसकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि महिला को निपाह से जुड़े काफी लक्षण दिखे थे, जिसके बाद इस बीमारी को लेकर लोगों को सचेत कर दिया गया है।
क्या है निपाह वायरस?
निपाह एक जानलेवा वायरस है, जो जानवरों से इंसानों में फैलता है। इसके फैलने की पुष्टि चमगादड़ों से इंसानों में हुई है। इसके बाद ये एक से दूसरे व्यक्ति में भी फैल सकता है। हालांकि अभी इस वायरस की कोई प्रभावी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। लेकिन कुछ सावधानियां रखकर इससे बचाव किया जा सकता है। निपाह वायरस का पहला मामला साल 1999 में मलेशिया के एक गांव से सामने आया था, जहां सूअर पालन करने वाले किसानों के बीच ये वायरस फैला था।
निपाह वायरस के लक्षण
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला को तेज बुखार, सिरदर्द, दौरे पड़ने जैसी समस्याएं हो रही थीं। जिसे एक्सपर्ट शुरुआती तौर पर निपाह के लक्षण मान रहे हैं। आइए जानते हैं निपाह वायरस का संक्रमण होने पर आपको कौन से लक्षण देखने को मिल सकते हैं।
- तेज बुखार।
- सिरदर्द।
- लगातार चक्कर आना
- गले में खराश।
- सांस लेने में कठिनाई।
- उल्टी और जी मिचलाना।
