National Nutrition Week: आजकल हेल्दी खाने की बात आते ही महंगे बीज, विदेशी फल और अलग-अलग तरह के सुपरफूड याद आने लगते हैं। सोशल मीडिया पर खूबसूरत कटोरियों में सजे खाने को देखकर ऐसा लग सकता है कि अच्छी सेहत के लिए जेब भी खूब ढीली करनी पड़ेगी। लेकिन सच यह है कि पौष्टिक खाना हमारी अपनी रसोई में ही काफी हद तक मौजूद है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - चावल-घी छोड़ नहीं होगा वजन कम, Rujuta Diwekar ने बताई वेट लॉस की गलतफहमियां
1 से 7 सितंबर तक हर साल National Nutrition Week मनाया जाता है। आज से पोषण वीक शुरु हो रहा है, और ऐसे में समझना जरूरी है कि सेहत का मतलब महंगा खाना नहीं, संतुलित खाना है। घर में बनने वाली साधारण चीजें भी प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व दे सकती हैं। फर्क बस इतना है कि उन्हें अपनी थाली में सही तरीके से जगह दी जाए। देखें 5 ऐसे हेल्दी पोषण युक्त चीजें कौनसी हैं।
1. दाल
मूंग, मसूर, अरहर और चना दाल जैसी चीजें भारतीय खाने का पुराना हिस्सा हैं। इनमें प्रोटीन के साथ फाइबर भी मिलता है। रोज की थाली में दाल शामिल करना पौष्टिक भोजन को आसान बनाने का एक सीधा तरीका है।
2. चना
काला चना हो या सफेद चना, दोनों को कई तरह से खाया जा सकता है। इन्हें उबालकर सलाद में डालें, सब्जी बनाएं या नाश्ते में लें। चना पेट भरने वाला भोजन है और इसमें प्रोटीन व फाइबर मिलते हैं।
3. मूंगफली
मूंगफली को अक्सर सिर्फ स्वाद वाली चीज समझ लिया जाता है, जबकि यह ऊर्जा, प्रोटीन और अच्छे वसा का आसान स्रोत हो सकती है। इसे भूनकर, चटनी में या पोहे जैसी डिश के साथ खाया जा सकता है। बस मात्रा का ध्यान रखें।
4. हरी सब्जियां
पालक, मेथी, सरसों का साग और दूसरी हरी सब्जियों को थाली में जगह देना काफी आसान है। इनमें कई तरह के विटामिन, खनिज और फाइबर पाए जाते हैं। एक ही सब्जी बार-बार खाने के बजाय मौसम के हिसाब से सब्जियां बदलते रहें।
5. मौसमी फल
फल खरीदने के लिए हमेशा विदेशी या बहुत महंगे विकल्प चुनने की जरूरत नहीं। अमरूद, केला, पपीता, संतरा जैसे आसानी से मिलने वाले मौसमी फल भी रोज की डाइट का हिस्सा बन सकते हैं। मौसम में मिलने वाला फल अक्सर बजट में भी अच्छा बैठता है।
इन पांच चीजों को अलग-अलग किसी चमत्कारी भोजन की तरह देखने की जरूरत नहीं है। असली फायदा तब मिलता है, जब आपकी थाली में अनाज, दाल या दूसरा प्रोटीन स्रोत, सब्जियां, फल और पर्याप्त पानी जैसे अलग-अलग हिस्से संतुलित तरीके से शामिल हों।
