हेल्थ

मेनोपॉज के बाद अचानक क्यों कमजोर होने लगती हैं हड्डियां? Dr. Pal से जानें Gut-Bone का हेल्थ कनेक्शन

Gut - Bone Connection: मेनोपॉज के बाद महिलाओं में हड्डियों की मजबूती तेजी से प्रभावित होती है। जिसे पीछे कई तरह के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। आइए Dr. Pal से समझते हैं Gut और Bone का ये हेल्थ कनेक्शन...

Image

Gut - Bone का हेल्थ कनेक्शन!

Gut - Bone Connection: महिलाओं की सेहत में मेनोपॉज एक ऐसा पड़ाव है, जिसके बाद शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते हैं। इन बदलावों का असर सिर्फ पीरियड्स और मूड पर नहीं पड़ता है, बल्कि हड्डियों की मजबूती भी प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं में बोन लॉस और फ्रैक्चर का जोखिम बढ़ने लगता है। लेकिन क्या हड्डियों की देखभाल सिर्फ मेनोपॉज (Menopause) के बाद शुरू करनी चाहिए? Dr. Pal के अनुसार, इसकी तैयारी काफी पहले से शुरू करना बेहतर है। आइए विस्तार से समझते हैं Gut और Bone का ये हेल्थ कनेक्शन...

हर दिन बनती और टूटती हैं हड्डियां

Dr. Pal के मुताबिक हमारी हड्डियां कोई स्थिर ढांचा नहीं हैं। शरीर में हर दिन Bone Remodeling की प्रक्रिया चलती रहती है। इसमें दो तरह की कोशिकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। Osteoblasts नई हड्डी बनाने का काम करते हैं, जबकि Osteoclasts पुरानी या क्षतिग्रस्त हड्डी को हटाते हैं। सामान्य स्थिति में दोनों के बीच संतुलन बना रहता है और इसी प्रक्रिया से हड्डियां खुद को लगातार रिपेयर करती रहती हैं।

इसमें समस्या तब शुरू होती है, जब हड्डी टूटने की प्रक्रिया उसके निर्माण से तेज हो जाती है। उम्र बढ़ने और खासकर मेनोपॉज के आसपास होने वाले हार्मोनल बदलाव इस संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं।

क्या है Gut-Bone Connection?

हड्डियों की सेहत की कहानी सिर्फ Calcium और Vitamin D तक सीमित नहीं है। आंत और हड्डियों के बीच संबंध को Gut-Bone Axis कहा जाता है। आंत में मौजूद माइक्रोबायोम खाने के कुछ घटकों को ऐसे पदार्थों में बदलता है, जिनमें Short-Chain Fatty Acids (SCFAs) भी शामिल हैं। ये शरीर में कई जैविक प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकते हैं और Calcium जैसे न्यट्रीएंट के अवशोषण तथा हड्डियों के मेटाबॉलिज्म से उनका संबंध शोध का महत्वपूर्ण विषय है। यानी आपकी प्लेट में मौजूद भोजन सिर्फ पेट भरने का काम नहीं करता, बल्कि आपकी हड्डियों की सेहत से भी जुड़ा हो सकता है।

मेनोपॉज के बाद क्यों बढ़ता है खतरा?

मेनोपॉज के आसपास Estrogen का स्तर कम होने लगता है। Estrogen हड्डियों के निर्माण और टूटने के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसका स्तर घटने पर Bone Resorption यानी पुरानी हड्डी के टूटने की प्रक्रिया तेज हो सकती है। यही कारण है कि मेनोपॉज के बाद Bone Density में कमी का जोखिम बढ़ जाता है।

हालांकि हर महिला में हड्डियों की कमजोरी एक जैसी हो ये जरूरी नहीं है। इसमें उम्र, फैमिली हिस्ट्री, न्यूट्रीशन, फिजिकल एक्टिविटी, शरीर का वजन और अन्य हेल्थ फैक्टर भी भूमिका निभाते हैं।

कब शुरू करें Healthy Bone की तैयारी

Dr. Pal के मुताबिक, हड्डियों को मजबूत रखने के लिए सिर्फ दूध पर निर्भर रहना काफी नहीं है। बैलेंस डाइट में पर्याप्त Protein, Calcium, Vitamin D और Fibre शामिल करना जरूरी है। फाइबर से भरपूर फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और अन्य पौध-आधारित खाद्य पदार्थ Gut Health के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। इसके साथ Strength Training और वेट लिफ्टिंग भी बेहद असरदार साबित होते हैं। नियमित फिजिकल एक्टिविटी भी मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ हड्डियों पर जरूरी मैकेनिकल लोड डालती है।

इसलिए Bone Health की चिंता मेनोपॉज के बाद शुरू करने के बजाय आज से शुरू करें। अच्छी डाइट, नियमित एक्सरसाइज और पर्याप्त पोषण आपकी उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की सेहत को बेहतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article