बालों का झड़ना आजकल एक आम समस्या बन गई है। इसके लिए लोग तरह-तरह के शैंपू, सीरम, ऑयल और हेयर ट्रीटमेंट आजमाते हैं। इन सबके बीच सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर (Rujuta Diwekar) का कहना है कि बालों की सेहत का रिश्ता हमारी डाइट से भी है। शरीर को अगर पर्याप्त पोषण नहीं मिलेगा, तो इसका असर बालों की जड़ों पर भी पड़ता है।
रुजुता दिवेकर ने बालों की सेहत को लेकर कुछ ऐसी खाने की चीजों के बारे में बताया, जिन्हें डेली डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। उनका खास जोर इस बात पर है कि वजन कम करने के चक्कर में जरूरी फूड ग्रुप्स, खासकर कार्बोहाइड्रेट्स को पूरी तरह डाइट से बाहर नहीं करना चाहिए।
चावल को डाइट से पूरी तरह बाहर न करें
रुजुता के मुताबिक, डाइट पर हों या न हों, दिन में कम से कम एक बार चावल खाना फायदेमंद हो सकता है। उनका कहना है कि चावल को सिर्फ वजन बढ़ाने वाले खाने के तौर पर देखना सही नहीं है। शरीर और बालों की सेहत के लिए भी कार्बोहाइड्रेट जरूरी हैं।
हालांकि, किसी भी खाने का असर उसकी मात्रा और पूरी डाइट पर निर्भर करता है। इसलिए चावल को संतुलित मात्रा में दाल, सब्जी, दही या दूसरे पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।
मौसमी फल भी हैं जरूरी
बालों की अच्छी सेहत के लिए रुजुता ने मौसमी फलों को भी डाइट में शामिल करने की सलाह दी है। आंवला, अमरूद और आम जैसे फलों में विटामिन C पाया जाता है। विटामिन C शरीर में आयरन के एबसॉर्प्शन में मदद करता है।
आयरन और हीमोग्लोबिन का लेवल ठीक रहना भी बालों के लिए जरूरी है। पर्याप्त हीमोग्लोबिन होने से बालों के फॉलिकल्स तक ऑक्सीजन की आपूर्ति बेहतर तरीके से हो पाती है।
दाल और फलियां भी थाली में रखें
मूंग, अरहर और चवली जैसी दालों को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनमें अमीने एसिड्स, विटामिन बी और फाइबर जैसे पोषक तत्व होते हैं। शरीर को पर्याप्त प्रोटीन और दूसरे जरूरी न्यूट्रीएंट्स मिलने से बालों की जड़ों को भी पोषण मिलता है।
सिर्फ डाइट नहीं, लाइफस्टाइल भी मायने रखती है
बालों की देखभाल के लिए रुजुता ने हफ्ते में कम से कम एक बार तेल लगाने और नियमित रूप से कंघी करने की सलाह भी दी है। साथ ही बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट्स और बालों पर ज्यादा heat इस्तेमाल करने से बचना बेहतर हो सकता है।
यानी बालों को मजबूत और हेल्दी रखने के लिए हमें अपनी रोज की थाली पर भी ध्यान देना जरूरी है। हालांकि, अगर बाल लगातार बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसका कारण सिर्फ डाइट नहीं हो सकता। ऐसे में डॉक्टर या डर्मोटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।
