क्या चाय-कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स खा सकते है, जानें खाने का सही तरीका और सेहत पर पड़ने वाला असर

Dry Fruits Eating Tips: चाय-कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स खाना कितना सही है? जानें इनके साथ सेवन करने से पोषक तत्वों के अवशोषण पर क्या असर पड़ता है और ड्राई फ्रूट्स खाने का सही समय और तरीका क्या है।

Dry Fruits Eating Tips: सुबह की शुरुआत हो या शाम की छोटी-सी भूख, बहुत से लोगों को चाय या कॉफी के साथ कुछ खाने की आदत होती है। कोई बिस्कुट और नमकीन की जगह बादाम-काजू खाना पसंद करता है, तो कोई मुट्ठी भर किशमिश और अखरोट को अपनी चाय का साथी बना लेता है। सेहत के लिहाज से यह आदत अच्छी लग सकती है, क्योंकि ड्राई फ्रूट्स पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। लेकिन क्या चाय या कॉफी के साथ इन्हें खाना वाकई फायदेमंद है? क्या ऐसा करने से शरीर को ड्राई फ्रूट्स में मौजूद सभी पोषक तत्व मिल पाते हैं? दरअसल, इस सवाल का जवाब जानना जरूरी है।

Dry Fruits Eating Tips

क्या चाय-कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स खा सकते हैं?

क्या चाय-कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स खा सकते हैं?

ड्राई फ्रूट्स को सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। बादाम, अखरोट, काजू, किशमिश और अंजीर जैसे खाद्य पदार्थों में फाइबर, हेल्दी फैट, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। वहीं, चाय और कॉफी में कैफीन के साथ पॉलीफेनॉल जैसे तत्व मौजूद होते हैं। खासतौर पर चाय में पाए जाने वाले टैनिन और कॉफी के कुछ पॉलीफेनॉल शरीर में आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में चाय-कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स न खाना ही बेहतर होगा। हालांकि ऐसा बिल्कुल नहीं है कि दोनों को एक साथ लेने से ड्राई फ्रूट्स के सभी पोषक तत्व बेकार हो जाते हैं। इनका असर मुख्य रूप से पोषक तत्वों के अवशोषण और व्यक्ति की खानपान संबंधी स्थिति पर निर्भर करता है।

पोषक तत्वों के अवशोषण पर पड़ सकता है असर

चाय और कॉफी में मौजूद कुछ यौगिक भोजन से मिलने वाले नॉन-हीम आयरन यानी पौधों से मिलने वाले आयरन के अवशोषण को कम कर सकते हैं। किशमिश और सूखे अंजीर जैसे कुछ ड्राई फ्रूट्स में आयरन पाया जाता है। ऐसे में इनके साथ चाय या कॉफी पीने से शरीर को मिलने वाले आयरन की मात्रा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, बादाम और अखरोट जैसे मेवों में मौजूद सभी पोषक तत्वों का अवशोषण चाय-कॉफी के कारण रुक जाता है, ऐसा कहना पूरी तरह सही नहीं होगा। इसलिए बेहतर है कि दोनों के सेवन के बीच थोड़ा अंतर रखा जाए।

पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं

कुछ लोगों को चाय या कॉफी के साथ ड्राई फ्रूट्स खाने पर पेट फूलने, गैस या एसिडिटी जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है। खासकर जिन लोगों का पाचन संवेदनशील है, उन्हें यह परेशानी अधिक हो सकती है। ड्राई फ्रूट्स में फाइबर और फैट की अच्छी मात्रा होती है। वहीं, कैफीन कुछ लोगों में एसिडिटी या पेट में असहजता बढ़ा सकता है। हालांकि, यह समस्या हर व्यक्ति को हो, ऐसा जरूरी नहीं है।

ड्राई फ्रूट्स खाने का सही समय क्या है

ड्राई फ्रूट्स खाने के लिए सुबह का समय अच्छा हो सकता है। आप अपनी पसंद के अनुसार भीगे हुए बादाम, अखरोट, किशमिश या अंजीर को नाश्ते में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा शाम को भूख लगने पर इन्हें हेल्दी स्नैक के तौर पर खाया जा सकता है। इसके साथ ही अगर आप ड्राई फ्रूट्स और चाय-कॉफी दोनों का सेवन करना चाहते हैं, तो इनके बीच कम से कम 30 से 60 मिनट का अंतर रख सकते हैं। खासतौर पर यदि आप आयरन की कमी से जूझ रहे हैं, तो आयरन वाले खाद्य पदार्थों के साथ चाय-कॉफी लेने से बचना बेहतर है।

डिस्क्लेमर - यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। इसे हेल्थ एक्सपर्ट की राय का विकल्प नहीं बनाया जा सकता है। डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना जरूरी है।

End Article
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस औ...

End of Feed