How Pregnant Women Can keep Fasting On Vat Savitri fast: सुहागिन महिलाओं के लिए वट सावित्री का व्रत बहुत खास महत्व रखता है। यह व्रत हर साल ज्येष्ठ महीने की अमावस्या को रखा जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जो सुहागिन महिला यह उपवास रखती है, उनके पति की आयु लंबी होती है। साथ ही पति रोगमुक्त रहता है और उन्हें सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। इस साल वट सावित्री का व्रत 6 जून 2024 गुरुवार को रखा जाएगा। लेकिन जो महिलाएं गर्भवती हैं और जल्दी ही मां बनने वाली हैं, वे इस बात को लेकर काफी असमंजस में रहती हैं कि आखिर वट सावित्री का व्रत कैसे रखें या इस दौरान किन बातों का ध्यान रखें, जिससे कि उनके व गर्भ में पल रहे बच्चे के स्वास्थ्य को कोई भी नुकसान न पहुंचे। इस लेख में गर्भवती महिलाओं के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बता रहे हैं, जिनका पालन करके वे सुरक्षित रूप से वट सावित्री का व्रत रख सकती हैं। इसके बारे में जानने के लिए आगे पढ़ते रहें...
How Pregnant Women Can keep Fasting On Vat Savitri fast
गर्भवती महिलाएं ऐसे रख सकती हैं वट सावित्री व्रत
निर्जला व्रत न रखें
आमतौर पर महिलाएं वट सावित्री पर निर्जला व्रत रखती हैं। वे दिन भर पानी तक का सेवन नहीं करती हैं। लेकिन गर्भवती महिलाओं को इस तरह की गलती नहीं करनी चाहिए। उनके लिए हाइड्रेट रहना बहुत आवश्यक है, इसलिए निर्जला व्रत रखने से बचें और बीच-बीच में पानी पीते रहें।
फलाहार लें
गर्भवती महिलाओं को दिनभर खाली पेट या भूखा रहने की सलाह नहीं दी जाती है। वट सावित्री व्रत के दौरान गर्भवती महिलाएं फलाहार का सेवन कर सकती हैं। इससे शरीर को जरूरी पोषण मिलेगा और गर्भवती महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचने में मदद मिलेगी। इससे गर्भ में पल रहे बच्चे तक भी जरूरी पोषण पहुंचेगा।
व्रत के बाद अन्न खाएं
व्रत खोलने के बाद गर्भवती महिलाएं अन्न ग्रहण कर सकती हैं। प्रेग्नेंसी में महिलाओं के लिए अपने खानपान का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। इसलिए व्रत खोलने के बाद खाली पेट रहने से बचें और अन्न ग्रहण करें।
फेरे लेने से बचें
वट सावित्री के व्रत में महिलाओं को 108 बार बरगद के पेड़ के फेरे लेने होते हैं। इस दौरान महिलाएं कलावे को लपेटते हुए पेड़ के फेरे लेती हैं, लेकिन गर्भवती महिलाओं को ऐसा करने से बचने की सलाह दी जाती है। हालांकि, कई परिवारों में ऐसा नहीं किया जाता है। तो आप अपने परिवार के विधि-विधान के अनुसार व्रत रख सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
