High Vitamin B12 Can Be A Sign Of Fatty Liver: ज्यादातर लोग सोचते हैं कि शरीर में विटामिन B12 ज्यादा होना मतलब सेहत अच्छी है। लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। कई बार शरीर में B12 का जरूरत से ज्यादा बढ़ना अंदर छिपी किसी बीमारी का इशारा भी हो सकता है। खासकर फैटी लिवर जैसी परेशानी में ऐसा देखने को मिल सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर बिना दवा या सप्लीमेंट लिए भी विटामिन B12 लगातार ज्यादा आ रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दिक्कत यह है कि लोग शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को आम कमजोरी समझकर टाल देते हैं। बाद में यही लापरवाही बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है।
फैटी लिवर में विटामिन B12 क्यों बढ़ता है
बता दें कि हमारा लिवर शरीर में फैट सेल्स में विटामिन B12 को जमा करके रखता है। जब लिवर में ज्यादा चर्बी जमा होने लगती है या वह ठीक से काम नहीं करता, तब यह विटामिन खून में ज्यादा मात्रा में आने लगता है। इसलिए रिपोर्ट में B12 ज्यादा आना कभी-कभी लिवर की गड़बड़ी का संकेत भी हो सकता है।
बिना जांच के दवाइयां खाना
आजकल लोग इंटरनेट देखकर खुद ही विटामिन B12 की गोलियां खाना शुरू कर देते हैं। थोड़ा थकान हुई नहीं कि सप्लीमेंट लेना शुरू। लेकिन डॉक्टर कहते हैं कि बिना जांच के ऐसा करना सही नहीं है। अगर शरीर में पहले से B12 ज्यादा हो, तो ज्यादा दवा लेने से असली बीमारी छिप सकती है और परेशानी बढ़ सकती है।
शरीर के संकेतों को हल्के में लेना गलती
शरीर में फैटी लिवर की जब शुरुआत होती है, तो यह ज्यादा परेशान नहीं करता है। कई लोगों को बस हर समय थकान रहती है, पेट भारी लगता है या खाने का मन नहीं करता। लोग इसे सामान्य कमजोरी समझ लेते हैं। लेकिन अगर ये दिक्कत लंबे समय तक बनी रहे, तो जांच जरूर करानी चाहिए।
खानपान की गलत आदतें बढ़ा रही हैं खतरा
बहुत ज्यादा तला-भुना खाना, मीठे ड्रिंक्स, बाहर का फास्ट फूड और शराब लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई लोग दिनभर बैठे रहते हैं और शरीर को बिल्कुल एक्टिव नहीं रखते। यही आदतें धीरे-धीरे फैटी लिवर का कारण बनती हैं। रोज थोड़ा चलना-फिरना और घर का सादा खाना लिवर को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
दूसरी बीमारियों का भी हो सकता है संकेत
एक्सपर्ट्स के अनुसार शरीर में विटामिन B12 बहुत ज्यादा होना कभी-कभी किडनी से जुड़ी परेशानी या दूसरी गंभीर बीमारियों की तरफ भी इशारा कर सकता है। इसलिए रिपोर्ट देखकर खुद से अंदाजा लगाने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
समय रहते संभलना बहुत जरूरी
डॉक्टर कहते हैं कि शरीर बार-बार छोटे संकेत देता है, बस जरूरत उन्हें समझने की होती है। अगर समय पर जांच हो जाए और खानपान सुधारा जाए, तो फैटी लिवर जैसी समस्या को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। छोटी सावधानी आगे चलकर बड़ी परेशानी से बचा सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
