गर्मी के मौसम में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लू लगना एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन जाती है। इसे हीट स्ट्रोक भी कहा जाता है, जो शरीर के तापमान को असंतुलित कर सकता है और समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा भी साबित हो सकता है। आजकल तेजी से बढ़ती गर्मी के बीच देश के कई हिस्सों में हीट स्ट्रोक का अलर्ट जारी कर दिया है। इसलिए यदि आप उन हिस्सों में रहते हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। ऐसे में हम आपको लू लगने पर दिखने वाले लक्षण और बचाव के उपाय बताने जा रहे हैं।
लू लगने पर कौन से लक्षण दिखाई देते हैं
लू लगने पर शरीर कई तरह के संकेत देता है। लू लगने के कुछ मामलों में व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है। अगर किसी को ये लक्षण दिखाई दें, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए और तुरंत उपाय करना चाहिए।
- तेज बुखार (40 डिग्री या उससे अधिक)
- सिरदर्द।
- चक्कर आना।
- उल्टी या मतली।
- अत्यधिक प्यास लगना।
- कमजोरी।
- त्वचा का सूखा और लाल होना।
लू से बचाव के उपाय - Heatstroke Prevention Tips
- तेज धूप में निकलने से बचें। (दोपहर 12 से 4 बजे के बीच)
- बाहर जाते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।
- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- दिनभर भरपूर पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
- तरबूज, खरबूज, खीरा जैसे पानी से भरपूर मौसमी फल खाएं।
- अधिक समय तक खाली पेट न रहें और संतुलित आहार लें।
लू लगने पर तुरंत क्या करें?
अगर किसी को लू लग जाए, तो सबसे पहले उसे ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। शरीर का तापमान कम करने के लिए ठंडे पानी की पट्टियां रखें या ठंडा पानी पिलाएं। ORS, नींबू पानी, नारियल पानी जैसे पेय पदार्थ शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करते हैं।
लू एक गंभीर समस्या है, लेकिन थोड़ी सावधानी और जागरूकता से इससे बचा जा सकता है। शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें और समय रहते सही कदम उठाएं। याद रखें, गर्मी में सुरक्षा ही सबसे बड़ा बचाव है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
