Healthy morning habits in hindi: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया जाता है। देर रात सोना, अनियमित खानपान और पैक्ड फूड की आदत शरीर को धीरे-धीरे कमजोर बना देती है। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों मानते हैं कि अगर दिन की शुरुआत सही आदतों से की जाए, तो पूरे दिन की ऊर्जा, पाचन और सेहत बेहतर बनी रहती है।
दिन की शुरुआत सही आदतों से
आयुर्वेद क्या कहता है दिन की शुरुआत
आयुर्वेद के अनुसार, हमारा शरीर उसी तरह बनता है जैसा हम खाते और पीते हैं। सुबह उठते ही शरीर को सबसे पहले शुद्ध और सरल चीज की जरूरत होती है, ताकि अंदरूनी अंग सक्रिय हो सकें। सही सुबह की दिनचर्या शरीर की प्राकृतिक लय को बनाए रखने में मदद करती है।
गर्म पानी पीने से कैसे जागता है पाचन तंत्र
सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने से शरीर में जमा गंदगी बाहर निकलने में मदद मिलती है। इससे पाचन अग्नि मजबूत होती है और पेट हल्का महसूस करता है। अगर इसमें थोड़ा सा नींबू मिला लिया जाए, तो यह मेटाबॉलिज्म को तेज करने और वजन संतुलन में भी सहायक हो सकता है।
पैक्ड फूड क्यों बन रहा है सेहत का दुश्मन
बाजार में मिलने वाला पैक्ड और प्रोसेस्ड खाना स्वाद में भले अच्छा लगे, लेकिन यह शरीर में सूजन बढ़ाता है। आयुर्वेद इसे भारी और दोष बढ़ाने वाला मानता है। लगातार ऐसा खाना खाने से शरीर सुस्त हो जाता है और थकान जल्दी महसूस होने लगती है।
समय पर भोजन करने से क्यों रहता है शरीर संतुलन में
भोजन का समय तय होना बेहद जरूरी है। जब रोज एक ही समय पर खाना खाया जाता है, तो शरीर की घड़ी सही ढंग से काम करती है। इससे ब्लड शुगर संतुलित रहता है, बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग की समस्या अपने आप कम हो जाती है।
संतुलित थाली और पानी से मिलती है असली ताकत
अक्सर हमारी थाली में कार्बोहाइड्रेट तो होते हैं, लेकिन प्रोटीन की कमी रह जाती है। दाल, दूध, दही, पनीर, फल और सब्जियां शरीर को जरूरी पोषण देती हैं। साथ ही पर्याप्त पानी पीना शरीर को डिटॉक्स करने और दिनभर तरोताजा रखने में मदद करता है।
Inputs: IANS
