Navratri Fast Breaking Tips: नवरात्रि के नौ दिनों का व्रत न सिर्फ आध्यात्मिक शुद्धि देता है, बल्कि शरीर को डिटॉक्स करने का भी काम करता है। लेकिन व्रत खत्म होने के बाद कई लोग अचानक तला-भुना खाना खा लेते हैं, जिससे उनका पाचन तंत्र पर एक साथ दबाव बढ़ जाता है। इससे उन्हें एसिडिटी की समस्या होने लगती है। अगर व्रत के बाद सही तरीके से भोजन न किया जाए, तो पेट दर्द, एसिडिटी और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए जरूरी है कि व्रत खोलते समय हल्का, संतुलित और पोषण से भरपूर आहार लिया जाए। आइए जानते हैं ऐसे 5 हेल्दी फूड्स, जो आपके लिए नवरात्रि का व्रत खोलने के लिए सबसे बेहतर रहेंगे।
नवरात्रि व्रत खोलते समय क्या खाएं
नींबू पानी और शहद
व्रत खोलते समय एक गिलास गुनगुने पानी में शहद और नींबू मिलाकर पीना सबसे अच्छा रहेगा। ये हेल्दी ड्रिक आपके शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसके साथ ही यह आपके मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करता है और शरीर को दिनभर ऊर्जा से भरा हुआ रखता है।
नारियल पानी और फल
व्रत खोलने के लिए नारियल पानी और फलों का सेवन सबसे अच्छा माना जाता है। क्योंकि व्रत के बाद शरीर को तुरंत हाइड्रेशन की जरूरत होती है। ऐसे में नारियल पानी में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं। इसके साथ आप पपीता, केला या सेब जैसे हल्के फल भी खा सकते हैं।
खिचड़ी या दलिया
व्रत खोलते समय सीधे भारी खाना और तला-भुना खाना खाने से बचना चाहिए। व्रत खोलते समय पूड़ी-कचौड़ी खाने की जगह आपको सामक चावल या मूंग दाल की हल्की खिचड़ी लेना बेहतर रहता है। यह आसानी से पच जाती है और शरीर को जरूरी पोषण भी देती है।
ड्राई फ्रूट्स
9 दिन का व्रत पूर्ण करने के बाद शरीर को ऊर्जा की भारी जरूरत होती है। इसलिए व्रत खोलते समय ड्राई फ्रूट्स का सेवन सबसे अच्छा माना जाता है। बादाम, अखरोट, काजू और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं। हालांकि इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए, क्योंकि ज्यादा खाने से ये भी पाचन पर दबाव डाल सकते हैं।
दही या छाछ
व्रत खोलने के लिए दही और छाछ दोनों का सेवन ही फायदेमंद माना जाता है। ये दोनों चीजें प्रोबायोटिक्स से भरपूर होती हैं, जो पाचन को दुरुस्त करने में मदद करते हैं। व्रत के बाद इन्हें खाने से पाचन तंत्र एक्टिवेट होता है। जिससे गैस या एसिडिटी की समस्या नहीं होती है। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें थोड़ा सा जीरा पाउडर और काला नमक मिलाकर भी सेवन कर सकते हैं।
