हेल्थ

Contaminated Food: आपकी थाली में छुपा खतरा, रोज खाई जाने वाली ये 3 चीजें हैं सबसे ज्यादा दूषित, डॉक्टर ने बताई सच्चाई

Foods With Harmful Contaminants: क्या आपने कभी सोचा है आप जो फल-सब्जियां रोज खा रहे हैं, वे कितनी सुरक्षित हैं? डॉक्टर की राय में ये केमिकल से भरे होते हैं। जानिए खाते समय क्या सावधानी बरतें।

Image

रोज खाई जाने वाली ये चीजें हैं सबसे ज्यादा दूषित

Foods With Harmful Contaminants: हम अक्सर यही सोचकर फल और सब्जियां खाते हैं कि इससे हमारी सेहत अच्छी रहेगी। और ये बात काफी हद तक सही भी है। लेकिन आजकल खेती में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स और पेस्टिसाइड्स ने इस हेल्दी तस्वीर को थोड़ा बदल दिया है। हेल्थ इंफ्लुएंसर और ऑर्थोपेडिशियन डॉ. मनन वोहरा के मुताबिक, कुछ ऐसी आम चीजें हैं जो हमारी रोज की डाइट का हिस्सा हैं, लेकिन उनमें पेस्टिसाइड के अवशेष ज्यादा पाए जाते हैं। इसका मतलब ये नहीं कि आप इन्हें खाना छोड़ दें, बल्कि बस थोड़ी समझदारी और सही तरीका अपनाना जरूरी है। आइए इन फूड्स के बारे में विस्तार से जानते हैं..

रोज खाई जाने वाली ये 3 चीजें हैं सबसे ज्यादा दूषित - Common Contaminated Food List

पालक (Spinach)

पालक का नाम आते ही दिमाग में हेल्थ और न्यूट्रिशन की बात आती है। लेकिन इसकी पत्तियां बड़ी और खुली होती हैं, जिस वजह से पेस्टिसाइड आसानी से इन पर चिपक जाते हैं। डॉ. मनन वोहरा बताते हैं कि सिर्फ एक बार पानी से धोना काफी नहीं होता। बेहतर है कि आप इसे 2-3 बार धोएं और थोड़ी देर नमक या बेकिंग सोडा वाले पानी में भिगोकर रखें। इससे ऊपर जमी गंदगी और केमिकल्स काफी हद तक हट जाते हैं।

स्ट्रॉबेरी (Strawberry)

स्ट्रॉबेरी खाने में जितनी टेस्टी होती है, उतनी ही नाजुक भी होती है। इसकी स्किन बहुत पतली होती है, जिसे छीलना मुमकिन नहीं होता। यही वजह है कि जो भी पेस्टिसाइड स्प्रे होता है, वो सीधे इसके ऊपर रह सकता है। अगर इसे बिना अच्छे से धोए खाया जाए, तो शरीर में केमिकल जाने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए स्ट्रॉबेरी को हमेशा बहते पानी में अच्छे से धोना और थोड़ी देर भिगोना सही रहता है।

अंगूर (Grapes)

अंगूर छोटे गुच्छों में उगते हैं और इन्हीं गुच्छों के बीच पेस्टिसाइड जमा हो सकते हैं। कुछ स्टडीज में यह भी सामने आया है कि बाजार में मिलने वाले ज्यादातर अंगूरों में एक से ज्यादा पेस्टिसाइड के निशान पाए गए। ऐसे में जरूरी है कि अंगूर को सीधे खाने के बजाय पहले अच्छे से धोया जाए और कुछ देर पानी में रखा जाए।

डर्टी डजन लिस्ट क्या कहती है

डॉ. मनन वोहरा के अनुसार, सिर्फ ये तीन ही नहीं बल्कि कई और फल-सब्जियां भी हैं जिनमें पेस्टिसाइड ज्यादा पाया जाता है। ग्लोबल स्तर पर इसे डर्टी डजन लिस्ट कहा जाता है, जिसमें स्ट्रॉबेरी, पालक, सेब, आड़ू, चेरी, अंगूर और शिमला मिर्च जैसी चीजें शामिल हैं। यानी ये चीजें हेल्दी तो हैं, लेकिन इन्हें खाने से पहले थोड़ी एक्स्ट्रा केयर जरूरी है।

क्या करें ताकि खतरा कम हो जाए

अब सबसे जरूरी बात जो ज्यादातर लोगों के मन में आती है वह यह कि क्या इन चीजों को खाना बंद कर दें? तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। डॉ. वोहरा कहते हैं कि सही तरीका अपनाकर आप इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं। फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोना, कुछ देर पानी में भिगोना और जहां संभव हो ऑर्गेनिक विकल्प चुनना सबसे आसान और असरदार तरीका है।

आखिर में बात बस इतनी है कि हेल्दी खाने के साथ-साथ सही तरीके से उसे तैयार करना भी उतना ही जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी आपकी सेहत को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article