हेल्थ

Mango For weight loss: वजन घटाने के लिए आम कैसे खाएं, रोज कितना आम खाने से कम होगी शरीर की चर्बी, एक्सपर्ट से जानिए

Mango For weight loss: आपने अक्सर वेट लॉस की कोशिश करने वाले लोगों को आम खाने से बचते देखा होगा, एक्सपर्ट की मानें तो आम खाकर भी चर्बी कम हो सकती है। जानिए वजन घटाने के लिए आम कैसे खाएं।

Image

वजन घटाने के लिए कब और कैसे खाएं आम - डॉ. शिखा सिंह ने बताया (PC- AI)

Mango For weight loss: गर्मियों में आम देखकर खुद को रोक पाना आसान नहीं होता, लेकिन अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं तो मन में एक डर जरूर आता है - क्या आम खाने से वजन बढ़ जाएगा? हेल्थ इन्फ्लूएंसर और क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. शिखा सिंह के अनुसार, सही मात्रा और सही तरीके से खाया गया आम वजन बढ़ाता नहीं, बल्कि कम करने में मदद भी कर सकता है। आम में मौजूद फाइबर, पानी और जरूरी पोषक तत्व शरीर को संतुष्ट रखते हैं और अनहेल्दी खाने की क्रेविंग को कम करते हैं। यानी थोड़ी समझदारी के साथ आम आपकी डाइट का हिस्सा बन सकता है। चलिए डॉक्टर से ही जानते हैं वजन घटाने के लिए आम कैसे खाएं।

क्या आम खाने से वजन कम होता है - Mango Weight Loss Tips

डॉ. शिखा सिंह बताती हैं कि आम को लेकर सबसे बड़ी गलतफहमी यही है कि यह बहुत ज्यादा कैलोरी देता है। जबकि हकीकत यह है कि 100 ग्राम आम में करीब 60 कैलोरी ही होती है। इसमें फाइबर और पानी भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है। जब बार-बार भूख नहीं लगती तो आप कम खाते हैं और यही वेट लॉस का बेसिक फंडा है।

आम खाने से पेट की चर्बी कैसे कम होती है

बता दें कि आम सिर्फ पेट भरने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह बेली फैट कम करने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद पॉलीफिनॉल जैसे एंटीऑक्सीडेंट शरीर में जमा चर्बी को कम करने में सहायक होते हैं। ये शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाते हैं और सेल्स को हेल्दी रखते हैं। यही वजह है कि सही डाइट में शामिल किया गया आम आपकी वेट लॉस जर्नी को सपोर्ट करता है।

क्या डायबिटीज में आम खाना सही है?

डायबिटीज के मरीज अक्सर आम से दूरी बना लेते हैं, लेकिन डॉ. शिखा सिंह के अनुसार ऐसा करना जरूरी नहीं है। आम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत ज्यादा नहीं होता और इसमें फाइबर भी होता है, जो शुगर के स्तर को अचानक बढ़ने से रोकता है। बस ध्यान रखें कि मात्रा सीमित हो और इसे बैलेंस डाइट के साथ लिया जाए।

पाचन, इम्यूनिटी और स्किन के लिए फायदे

आम खाने के फायदे सिर्फ वजन तक सीमित नहीं हैं। इसमें विटामिन C और विटामिन A भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं और त्वचा को निखारते हैं। साथ ही इसमें मौजूद ‘अमाइलेज’ नाम का एंजाइम पाचन को बेहतर बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत देता है। मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे मिनरल्स दिल की सेहत के लिए भी अच्छे माने जाते हैं।

वेट लॉस के लिए आम कैसे खाएं

डॉ. शिखा सिंह सलाह देती हैं कि आम हमेशा सीमित मात्रा में ही खाएं, यानी दिन में करीब 100 ग्राम पर्याप्त है। इसे खाने से पहले थोड़ी देर पानी में भिगोकर रखें, जिससे इसकी गर्म तासीर और पेस्टिसाइड्स कम हो जाते हैं। इस तरह आम खाने से आपको नुकसान कम और फायदे ज्यादा मिलेंगे।

वजन कम करने के लिए आम कब खाना चाहिए

डॉ. शिखा सिंह के अनुासर, वेट लॉस के लिए आम को दिन के पहले हिस्से में खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। अगर आप इसे दही या लो-फैट दूध जैसे प्रोटीन के साथ खाते हैं, तो यह और ज्यादा हेल्दी बन जाता है।

गांठ बांध लें डॉक्टर की ये सलाह

आम से डरने की बजाय उसे समझदारी से अपनी डाइट में शामिल करना ज्यादा बेहतर है। सही मात्रा, सही समय और सही कॉम्बिनेशन के साथ खाया गया आम न सिर्फ आपका वजन कंट्रोल करता है बल्कि आपको हेल्दी और एनर्जेटिक भी बनाए रखता है। बस जरूरत है थोड़ा संतुलन रखने की।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article