बच्चों को 1 दिन में कितने बादाम खिलाने चाहिए, जानें उम्र के हिसाब से सही मात्रा और खिलाने का तरीका

Dry fruit Eating Tips: बादाम बच्चों की डाइट में पोषण का अच्छा सोर्स हो सकते हैं, लेकिन इन्हें उम्र और खाने की क्षमता के अनुसार देना जरूरी है। जानें किस उम्र में बच्चों को बादाम कैसे खिलाएं और इनके फायदे।

Dry fruit Eating Tips: बादाम को सेहत के लिए फायदेमंद ड्राई फ्रूट्स में गिना जाता है। इनमें प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर, विटामिन ई और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। यही वजह है कि माता-पिता बच्चों की डाइट में बादाम शामिल करना पसंद करते हैं। माना जाता है कि संतुलित मात्रा में बादाम खाने से बच्चों को पोषण मिलता है और उनकी सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बच्चों को रोजाना कितने बादाम खिलाने चाहिए? क्या छोटे बच्चों को साबुत बादाम देना सुरक्षित है और किस उम्र में कितनी मात्रा सही रहती है?

Dry Fruits Eating Tips

बच्चों को कितने बादाम खिलाने चाहिए? (Photo - AI)

उम्र के हिसाब से बच्चों को कितने बादाम खिलाने चाहिए?

बच्चों की उम्र बढ़ने के साथ उनकी पोषण संबंधी जरूरतें और खाने की क्षमता भी बदलती है। इसलिए हर उम्र में बादाम देने का तरीका अलग होना चाहिए।

  • 6–12 महीने - जब बच्चा ठोस आहार लेना शुरू कर दे, तब डॉक्टर की सलाह और बच्चे की खाने की क्षमता के अनुसार बहुत थोड़ी मात्रा में बारीक पिसे हुए 1-2 बादाम दिए जा सकते हैं।
  • 1–3 साल - इस उम्र में 3-5 बादाम को अच्छी तरह पीसकर या बारीक पाउडर बनाकर दें। बच्चे को साबुत या मोटे टुकड़ों में बादाम न खिलाएं।
  • 4–5 साल - इस उम्र में 4-5 बादाम को बारीक पीसकर या सुरक्षित रूप से तैयार करके स्नैक्स और दूसरे फूड्स में शामिल कर सकते हैं। पांच साल से कम उम्र में साबुत बादाम देने से बचें।
  • 6–8 साल - इस उम्र के बच्चे की चबाने की क्षमता डेवलप हो जाती है। इसलिए इस समय आप 5-7 बारीक कटे या भिगोए हुए बादाम खिला सकते हैं।
  • 9 साल से अधिक- इस उम्र के बच्चे 8-10 बादाम को साबुत या भिगोकर खा सकते हैं, बशर्ते वे उन्हें अच्छी तरह चबाना जरूरी है।

नोट - इस बात का ध्यान रखें कि बच्चों के लिए रोजाना बादाम की कोई एक निश्चित मात्रा तय नहीं है। उनकी पूरी डाइट, अन्य ड्राई फ्रूट्स का सेवन और पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखकर मात्रा तय करनी चाहिए।

बच्चों को बादाम खिलाने का सही तरीका क्या है?

बादाम पौष्टिक आहार जरूर हैं, लेकिन बच्चों को इन्हें किस तरह खिलाया जा रहा है, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। छोटे बच्चों के लिए बादाम को बारीक पीसकर दलिया, खीर, दही या फल की प्यूरी में मिलाया जा सकता है। बड़े बच्चों को भिगोकर या हल्का भूनकर बादाम दिए जा सकते हैं। बादाम को रातभर भिगोकर खिलाना एक आम घरेलू तरीका है। हालांकि, बादाम को भिगोना या उसका छिलका उतारना पोषण के लिहाज से जरूरी नहीं है।

बच्चों को बादाम खिलाने के फायदे

दिमागी विकास के लिए - बादाम में हेल्दी फैट और विटामिन ई होता है, जो शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी हैं।

हड्डियों के लिए - इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं।

पाचन के लिए - बादाम में फाइबर होता है, जो संतुलित आहार का हिस्सा बनने पर पाचन को सहारा दे सकता है।

एनर्जी के लिए - इसमें मौजूद हेल्दी फैट, प्रोटीन और कैलोरी बच्चों को ऊर्जा प्रदान करते हैं।

बच्चों की डाइट के टिप्स

बच्चों को रोजाना बादाम खिलाना जरूरी नहीं है। बादाम पोषण का अच्छा स्रोत हैं, लेकिन बच्चों की सेहत के लिए फल, हरी सब्जियां, दालें, दूध, अनाज और अन्य प्रोटीन युक्त फूड्स भी जरूरी हैं। इसलिए केवल बादाम पर निर्भर रहने के बजाय उनकी डाइट में अलग-अलग पौष्टिक चीजें शामिल करें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य हेल्थ और पोषण संबंधी जानकारियों पर आधारित है। बच्चों की उम्र और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार बादाम की मात्रा अलग हो सकती है। हालांकि खानपान संबंधी किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले डाइटीशियन की सलाह जरूर लें।

End Article
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस औ...

End of Feed