What is delimitation bill : आठ महीने पहले लोकसभा में मिली हार के बाद सरकार फिर उसी मुद्दे पर फिर लौट आई है। लोकसभा 30 नवंबर से और राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी, और इन बैठकों में प्रश्नकाल, शून्यकाल और गैर-सरकारी कामकाज नहीं होगा। औपचारिक एजेंडा अभी घोषित नहीं हुआ है, पर माना जा रहा है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक दोबारा आएगा। सवाल एक ही है: क्या इस बार दो-तिहाई का आंकड़ा जुट पाएगा?
संविधान संशोधन विधेयक फिर पेश करने जा रही सरकार। तस्वीर-AI
क्या है परिसीमन विधेयक?
परिसीमन का मतलब है जनसंख्या के आधार पर सीटों की संख्या और सीमाएं दोबारा तय करना। अप्रैल में पेश 131वें संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा की अधिकतम संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था, यानी राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य। साथ का परिसीमन विधेयक सुप्रीम कोर्ट के जज की अध्यक्षता में आयोग बनाता, जो सीटों के बंटवारे और SC, ST व महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का काम देखता। नई जनगणना का इंतजार किए बिना 'ताजा प्रकाशित जनगणना', यानी 2011 के आंकड़े, आधार बनते।
महिला आरक्षण से कैसे जुड़ा है परिसीमन?
2023 का नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देता है। लेकिन शर्त है कि यह जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन के बाद ही लागू होगा। जनगणना में देरी से कोटा अटका हुआ है। सरकार का तर्क है कि 2011 के आंकड़ों पर परिसीमन कराकर इसे जल्दी लागू किया जाए। इसलिए दोनों को एक पैकेज में रखा गया है।
सरकार इसे क्यों पारित कराना चाहती है?
सरकार चाहती है कि कोटा 2029 के आम चुनाव से पहले लागू हो। प्रधानमंत्री मोदी कह चुके हैं कि महिलाओं को न्याय देने से कोई ताकत नहीं रोक सकती, और अप्रैल की हार के लिए उन्होंने 'एक विपक्षी दल' को जिम्मेदार ठहराया। राजनीतिक संदेश साफ है: महिला मतदाताओं के सामने विपक्ष को कोटे के रास्ते में खड़ा दिखाना।
अप्रैल में क्यों नहीं पारित हुआ?
17 अप्रैल को संशोधन विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि जरूरत 352 की थी। यह मोदी कार्यकाल में पहला मौका था जब कोई संविधान संशोधन विधेयक गिरा। इसके बाद सरकार ने परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक वापस ले लिए।
क्या सरकार के पास दो-तिहाई आंकड़ा है?
अभी नहीं, पर दूरी घटी है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है। लोकसभा में अभी जितने सांसद हैं उसके मुताबिक दो तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन चाहिए। यह संख्या उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों पर निर्भर करती है। रिपोर्ट के मुताबिक TMC के 20 सांसद NDA के साथ आ गए हैं और शिवसेना (UBT) के 6 सांसद शिंदे गुट में जा चुके हैं। एनडीए के पास अभी 326 सांसद हैं जबकि डीएमके एवं अन्य दलों को भी जोड़कर यह आंकड़ा 356 तक पहुंच जाता है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को 360 वोटों की जरूरत है। यानी दो तिहाई बहुमत से वह चार सीटें कम है। राज्यसभा में मुश्किल बड़ी है। 245 सदस्यों के सदन में NDA के 142 सांसद हैं, जबकि 161 चाहिए। यानी यहां 19 वोट कम हैं।
विपक्ष विरोध क्यों करता है?
मुख्य डर दक्षिण के राज्यों का है। सिर्फ 2011 की आबादी पर बंटवारा हुआ तो दक्षिण भारत की हिस्सेदारी 24.3 से घटकर 20.7 प्रतिशत रह जाएगी, जबकि UP, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली की हिस्सेदारी 33.33 से बढ़कर 38.35 प्रतिशत हो जाएगी। दक्षिणी राज्यों का कहना है कि उन्हें जनसंख्या नियंत्रण की 'सजा' मिल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने इसे 'राजनीति से प्रेरित' बताया था और विपक्ष की दलील है कि वह कोटे के नहीं, उसे परिसीमन से जोड़ने के खिलाफ है। सरकार का आश्वासन है कि राज्यों का मौजूदा अनुपात नहीं बदलेगा। अमित शाह ने कहा था कि तमिलनाडु की सीटें 59 हो जाएंगी, पर DMK सांसद कनिमोझी ने पूछा कि क्या यह परिसीमन आयोग पर बाध्यकारी होगा। उनका कहना है कि कानूनी गारंटी चाहिए। विपक्ष का आरोप है कि सरकार दल-बदल और विलय के सहारे 'सुपर-टेंटेड' दो-तिहाई बहुमत बना रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की 'सबसे बड़ी राजनीतिक गलती' कहा है।
विशेष सत्र में कौन सरकार का साथ दे सकता है?
DMK: लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 8 सांसद। पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक अगर तमिलनाडु की करीब 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहे तो वह सीटें बढ़ाने का समर्थन कर सकती है। कांग्रेस से खटास भी इस रुख की एक वजह बताई जा रही है।NCP (शरद पवार): लोकसभा में 8 और राज्यसभा में 1 सांसद। सुप्रिया सुले कह चुकी हैं कि मसौदा देखकर फैसला होगा। पार्टी ने संकेत दिया है कि अगर सभी राज्यों में 50 प्रतिशत वृद्धि लिखित रूप में आए तो वह रुख पर पुनर्विचार कर सकती है।
YSRCP: पिछले विधेयकों का समर्थन किया था, पर राज्यों के प्रतिनिधित्व के लिए कानूनी सुरक्षा मांगी थी।
आज कैबिनेट की बैठक में विधेयक के संशोधित मसौदे को मंज़ूरी मिल सकती है। सबसे अहम बात यह होगी कि क्या राज्यवार सीट वृद्धि विधेयक में लिखित रूप में आती है। DMK और NCP(SP) का रुख इसी पर टिका है।
