एक्सप्लेनर्स

दादी के आपातकाल से लेकर बैलेट पेपर से चुनाव तक-पढ़िए प्रियंका गांधी के संसद में पहले भाषण की 10 बड़ी बातें

Priyanka Gandhi Speech Explained: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपने पहले लोकसभा संबोधन में सरकार से कई तीखे सवाल पूछे। प्रियंका गांधी का अंदाज अपने भाई राहुल से अलग दिखा।

Image

लोकसभा में प्रियंका गांधी अपना पहला भाषण देती हुईं

Priyanka Gandhi Speech Explained: शुक्रवार को जब लोकसभा में पहली बार अपना भाषण देने प्रियंका गांधी खड़ी हुईं तो हर किसी की नजर उनपर थी। विपक्ष से लेकर सत्ता पक्ष के सांसद तक प्रियंका गांधी के भाषण गौर से सुनते दिखे। इस भाषण के दौरान उतना हंगामा भी देखने को नहीं मिला, जितना आम तौर पर राहुल गांधी के भाषण के दौरान दिखता है। प्रियंका गांधी ने अपने पहले भाषण में संयमित भाषा, सधी जुबान और बेबाक अंदाज में सरकार पर हमला बोला है।

प्रियंका के पहले भाषण में क्या-क्या

प्रियंका गांधी ने अपने पहले संसदीय संबोधन के दौरान दादी इंदिरा के लगाए आपातकाल से लेकर नेहरू के समय में हुए विकास कार्यों तक का जिक्र किया। बीजेपी को कई बार चुनौती दी। महिला से लेकर दलितों तक के मुद्दों पर सरकार से तीखे सवाल पूछे।

प्रियंका गांधी के पहले भाषण की 10 बड़ी बातें

  1. अगर लोकसभा में ये नतीजे नहीं आए होते तो ये (सत्तारूढ़ दल) संविधान बदलने का काम करते। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इन्हें (भाजपा) हारते-हारते जीतने से एहसास हुआ कि इस देश में संविधान बदलने की बात नहीं चलेगी- प्रियंका गांधी
  2. प्रियंका गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका नाम पुस्तकों से मिटाया जा सकता है, भाषणों से मिटाया जा सकता है, लेकिन आजादी और देश के निर्माण में उनकी भूमिका को नहीं मिटाया जा सकता। नेहरू जी ने क्या किया। अरे, आप वर्तमान की बात करिए। देश को बताइए कि आप क्या कर रहे हैं, आपकी जिम्मेदारी क्या है? या सारी जिम्मेदारी जवाहरलाल नेहरू जी की है?
  3. नरेंद्र मोदी की जातिगत जनगणना के लिए गंभीरता का प्रमाण देखिए- जब चुनाव में पूरा विपक्ष जातिगत जनगणना की बात कर रहा था। तब नरेंद्र मोदी कह रहे थे- ये आपकी भैंस और मंगलसूत्र चुरा लेंगे- - प्रियंका गांधी
  4. पहले एक कहानी होती थी। राजा भेष बदलकर लोगों के बीच आलोचना सुनने जाता था। आज के राजा को भी भेष बदलने का बहुत शौक है... लेकिन उनमें न जनता के बीच जाने की हिम्मत है और न आलोचना सुनने की- - प्रियंका गांधी
  5. हमारा संविधान एक सुरक्षा कवच है, जो देशवासियों को सुरक्षित रखता है। हमारा संविधान न्याय, एकता और अभिव्यक्ति की आजादी का कवच है। लेकिन बीते 10 साल में सत्ता पक्ष ने ये सुरक्षा कवच तोड़ने का पूरा प्रयास किया है- - प्रियंका गांधी
  6. विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए उनके खिलाफ झूठे मुकदमे चलाए जा रहे हैं। सत्ता का यह दुरुपयोग लोकतंत्र पर हमला है- - प्रियंका गांधी
  7. पूरे देश की जनता जानती है कि BJP के पास 'वॉशिंग मशीन' है। जो विपक्ष से सत्ता की ओर जाता है, उसके दाग धुल जाते हैं। मुझे यहां मेरे कई पुराने साथी सत्ता पक्ष की तरफ दिख रहे हैं, जो शायद अब वॉशिंग मशीन में धुल गए हैं-- प्रियंका गांधी
  8. आप बैलेट पर चुनाव कर लीजिए, दूध का दूध-पानी का पानी हो जाएगा- प्रियंका गांधी
  9. आप नारी शक्ति की बातें दोहरा रहे हैं, जो आपने नारी शक्ति का अधिनियम लाया है, उसको लागू क्यों नहीं करते, वो 10 साल बाद लागू क्यों होगा, क्या आज की नारी, 10 साल इंतजार करेगी, उसके लागू होने के लिए- - प्रियंका गांधी
  10. मेरे सत्तापक्ष के साथी खड़े और तमाम गिनती करने लग गए कि ऐसा हुआ, वैसा हुआ, 1975 में जो हुआ, तो सिख लीजिए न आप भी, आप भी अपनी गलतियों के लिए माफी मांग लीजिए- - प्रियंका गांधी

सोनिया-राहुल ने की प्रियंका के भाषण की तारीफ

प्रियंका गांधी के पहले संसदीय भाषण की उनके भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी ने जमकर तारीख की। लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पहले संबोधन पर लोकसभा नेता राहुल गांधी ने कहा कि अद्भुत भाषण था। मेरे पहले भाषण से ये बेहतर था। वहीं सोनिया गांधी ने बेटी प्रियंका के भाषण को उत्कृष्ट बताया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article