पश्चिम बंगाल में ऐसा लग रहा है, जैसे इंडिया गठबंधन टूट जाएगा। यहां कांग्रेस और टीएमसी के बीच सीटों को लेकर तनाव बरकरार है। पहले खबर आई थी कि ममता बनर्जी की पार्टी, कांग्रेस को 2 सीटें देने के लिए तैयार है, जिस पर कांग्रेस भड़क गई थी, अब जो नई खबर सामने आ रही है, उसमें कहा जा रहा है कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
पश्चिम बंगाल में टूट के कगार पर इंडिया गठबंधन
ममता की तैयारी
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि अगर उचित महत्व नहीं दिया गया, तो उनकी पार्टी राज्य की सभी 42 लोकसभा सीट पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने पार्टी की मुर्शिदाबाद जिला इकाई की बंद दरवाजे में हुई संगठनात्मक बैठक के दौरान अपना रुख व्यक्त किया।अधीर रंजन की सीट पर भी अब दावा
मुर्शिदाबाद एक महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक आबादी वाला क्षेत्र है और पारंपरिक रूप से कांग्रेस के गढ़ के रूप में देखा जाता है। बैठक के दौरान उन्होंने जिले की तीनों लोकसभा सीटों पर टीएमसी की जीत की जरूरत पर जोर देते हुए पार्टी नेताओं से चुनावी लड़ाई के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। कांग्रेस 2019 के चुनावों में केवल बहरामपुर सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही, जहां से उसके पांच बार के सांसद और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी खड़े थे।टीएमसी का फॉर्मूला
मिली जानकारी के अनुसार तृणमूल चाहती है कि सीट-बंटवारे का फॉर्मूला 2019 के चुनाव और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में पार्टियों के प्रदर्शन के आधार पर हो। टीएमसी ने हवाला दिया था कि कांग्रेस को 5 फीसदी से भी कम वोट शेयर मिला। इसलिए कांग्रेस को कम सीटें मिलेंगी।
कांग्रेस भी झुकने के मूड में नहीं
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस भी टीएमसी के सामने झुकने के मूड में नहीं है। टीएमसी पर पहले से ही अधीर रंजन हमला बोलते रहे हैं, अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली है। राहुल गांधी की यात्रा 25 जनवरी को कूच बिहार जिले के बक्शिरहाट के माध्यम से पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली है, जो 27 जनवरी को बिहार पहुंचने से पहले जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग से होकर गुजरेगी। यह 30 जनवरी को मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में फिर से प्रवेश करेगी और 31 जनवरी को बंगाल से पहले कांग्रेस के दोनों गढ़ मुर्शिदाबाद से होते हुए यात्रा करेगी।
