Covid-19 Cases: एशिया में एक बार फिर से कोविड-19 के मामलों में तेजी देखी जा रही है। ताजा जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया के कई हिस्सों में कोविड-19 की नई लहर चल रही है। हांगकांग और सिंगापुर जैसे देशों में कोविड-19 के मामलों में अचानक वृद्धि देखी जा रही है। चीन और थाईलैंड में भी संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। बता दें, सिंगापुर में पिछले एक साल में मामलों में 28% की वृद्धि देखी गई है, 3 मई तक 14200 मामले सामने आए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कोविड के मामलों में ये वृद्धि फिर से एशिया में फैल रहे वायरस की नई लहर से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह नया उछाल पूरे एशिया क्षेत्र में एक नई लहर का संकेत दे सकता है। हांगकांग में वायरस की गतिविधि काफी हाई तेज हो गई है, जबकि सिंगापुर में भी हाल के सप्ताह में मामलों और अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
एशिया में फिर कोविड-19 ने दी दस्तक
इन दो नए वेरिएंंट के कारण फिर बढ़ रहा कोविड
आपको बता दें कि सिंगापुर में इस समय मुख्य वेरिएंट LF.7 और NB.1.8 हैं। कोविड-19 के ये दोनों वेरिएंट JN.1 स्ट्रेन से संबंधित हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों मिलकर सभी संक्रमित मामलों के दो तिहाई से अधिक के लिए जिम्मेदार हैं। कोविड-19 से ज़्यादातर कमजोर इम्युनिटी वाले लोग संक्रमित हो रहे हैं। जिन लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, उनके संक्रमित होने का खतरा ज्यादा है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस मौसम में कमजोर होता इम्युनिटी सिस्टम इसकी वजह हो सकता है। ऐसे में सिंगापुर में लोगों को बूस्टर डोज लेने के लिए कहा जा रहा है। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि जनसंख्या की प्रतिरोधक क्षमता कम हो रही है, लेकिन इस बात का कोई संकेत नहीं है कि मौजूदा वेरिएंट महामारी में पहले देखे गए वेरिएंट की तुलना में तेजी से फैल रहे हैं या अधिक गंभीर बीमारी पैदा कर रहे हैं। डॉक्टर कोविड-19 की इस नई लहर को सामान्य फ्लू की तरह ही मान रहे हैं। सीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, ज्यादातर लोग जल्दी और बिना किसी जटिलता के ठीक हो रहे हैं।
एजेंसी इनपुट के साथ...
