Hania Aamir To These Pakistani Stars Instagram Account Suspended In India: पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोरकर रख दिया था। इस आतंकी हमले के बाद से भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठा चुकी है। जहां पहले पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनल को भारत में बंद किया गया था। वहीं अब पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया एकाउंट पर भी भारत में कैंची चला दी गई है। इस लिस्ट में हानिया आमिर (Hania Aamir) से लेकर माहिरा खान, बिलाल अब्बास खान और सजल अली जैसे कई सितारे शामिल हैं, जिनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल अब भारतीय सोशल मीडिया यूजर नहीं देख पा रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच सरकार द्वारा पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनल के साथ-साथ दूसरे सोशल मीडिया हैंडल पर भी कार्रवाई की गई है। भारत सरकार द्वारा पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया हैंडल भी सस्पेंड कर दिये गए हैं। सबसे पहले हानिया आमिर (Hania Aamir) के सोशल मीडिया हैंडल से जुड़ा स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था, जिसमें लिखा नजर आया कि कानूनी अनुरोध के मद्दे नजर इस कंटेंट को बंद कर दिया गया है। हानिया आमिर के अलावा अली जफर, सनम सई, बिलाल अब्बास, इकरा अजीज, इमरान अब्बास, माहिरा खान और सजल अली जैसे सितारे शामिल हैं।

बता दें कि कुछ पाकिस्तानी कलाकार ऐसे हैं जिनके इंस्टाग्राम एकाउंट अभी भी भारत में चल रहे हैं। इसमें फवाद खान से लेकर वहाज अली जैसे स्टार्स शामिल हैं। बता दें कि भारत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर हानिया आमिर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। हानिया आमिर की दिलजीत दोसांझ संग फिल्म भी आने वाली थी, जिसे पहलगाम आतंकी हमले के बाद रद्द कर दिया गया।
