Hania Aamir Is Not Seeking Work Opportunities In India: पाकिस्तान की मशहूर एक्ट्रेस हानिया आमिर ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान बनाई है। भारत में भी हानिया आमिर की फैन फॉलोइंग काफी जबरदस्त है। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लेते हुए न केवल उनके यू-ट्यूब चैनल को भारत में बैन कर दिया, बल्कि कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया एकाउंट को भी बंद कर दिया, जिसमें हानिया आमिर और इकरा अजीज जैसे कई स्टार्स शामिल हैं। यहां तक कि हानिया आमिर (Hania Aamir) और दिलजीत दोसांझ की अपकमिंग फिल्म पर भी रोक लगा दी गई। वहीं हाल ही में हानिया आमिर पर आरोप लगा कि उन्होंने भारत में काम तलाशने के लिए और भारतीय फैंस की खातिर सोशल मीडिया पर नया एकाउंट बनाया है। इस बात के लिए हानिया आमिर की जमकर ट्रोलिंग भी हुई।
वहीं अब इस मामले पर हानिया आमिर (Hania Aamir) की टीम ने चुप्पी तोड़ी है। हानिया आमिर की टीम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि एक्ट्रेस भारत में किसी भी तरह के काम के अवसर नहीं तलाश रही हैं। हानिया आमिर की टीम ने पोस्ट में लिखा, "ध्यान दें! हानिया आमिर के नए इंस्टाग्राम एकाउंट के सिलसिले में एक गलतफहमी चल रही है। लोग सोच रहे हैं कि वो भारत में काम के लिए और वहां के फैंस के साथ जुड़ने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है ये सच नहीं है। उनका हमारे साथ प्राइवेट एकाउंट इंस्टाग्राम ने डिलीट कर दिया है और उसी नाम से उन्होंने नया एकाउंट बनाया है। दुर्भाग्य से उसे अभी तक प्राइवेट नहीं किया गया है, जिससे लोगों में कंफ्यूजन बहुत ज्यादा हो रही है। यहां हम साफ कर देते हैं कि हानिया आमिर के किसी भी कदम का भारत में काम तलाशने से कोई लेना-देना नहीं है। हम उनका दिल बखूबी जानते हैं।"

मामले पर अभी तक हानिया आमिर (Hania Aamir) की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। बता दें कि भारत में हानिया आमिर का इंस्टाग्राम एकाउंट बैन होने के बाद कुछ फैंस ने वीपीएन के सहारे हानिया आमिर के सोशल मीडिया हैंडल से जुड़ने की भी कोशिश की।
