Bear Grylls Tweet: डिस्कवरी चैनल का मशहूर एडवेंचर शो 'मैन वर्सेज वाइल्ड' दुनियाभर में काफी लोकप्रिय रहा है। इस शो में बेयर ग्रिल्स ( Bear Grylls) जंगलों और कठिन परिस्थितियों में सर्वाइव करने के तरीके दिखाते हैं। शो की खास बात यह रही कि इसमें कई बड़े नेताओं, फिल्मी सितारों और मशहूर हस्तियों ने भी हिस्सा लिया। भारत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), सुपरस्टार रजनीकांत, अक्षय कुमार, अजय देवगन, विक्की कौशल और रणवीर सिंह जैसी कई बड़ी हस्तियां बेयर ग्रिल्स के साथ इस रोमांचक सफर का हिस्सा बन चुकी हैं। इस बीच बेयर ग्रिल्स का एक ट्वीट सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-Satluj की अवैध स्क्रीनिंग पर केंद्र सरकार सख्त, हो सकती है बड़ी कार्रवाई)
बेयर ग्रिल्स ने पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
मैन वर्सेस वाइल्ड' के होस्ट बेयर ग्रिल्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी को दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में से एक बताया। बेयर ग्रिल्स ने अपनी पोस्ट में पीएम मोदी, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के साथ अपनी तस्वीरें भी शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ बेयर ग्रिल्स ने लिखा, 'मैं दुनिया के कई सबसे ताकतवर नेताओं से मिला हूं। सबसे अच्छे नेता कभी सबसे ज्यादा शोर मचाने वाले नहीं होते।' उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। लोग इसे पीएम मोदी, बराक ओबामा और प्रिंस विलियम की तारीफ के तौर पर देख रहे हैं।
बता दें कि बेयर ग्रिल्स की इस पोस्ट ने एक बार फिर साल 2019 के 'मैन वर्सेस वाइल्ड' के उस खास एपिसोड की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके साथ नजर आए थे। इस एपिसोड की शूटिंग उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में हुई थी। इस एपिसोड के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बचपन की कई यादें भी साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि उनका प्रकृति से गहरा जुड़ाव रहा है।
