Janhvi to start Pa Ranjith web Series: अदाकारा श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर ने साल 2018 में फिल्म धड़क से बॉलीवुड में सफल डेब्यू किया था। धड़क के बाद जाह्नवी के हुनर को निर्देशकों ने पहचाना और उन्हें कई फिल्मों में चांस दिया। जाह्नवी भी निर्देशकों के भरोसे पर खरी उतरी, जिसके बाद उनकी डिमांड साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी बढ़ने लगी। बीते साल जाह्नवी कपूर ने फिल्म देवरा से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया। देवरा के बाद जाह्नवी ने राम चरण की पेड्डी भी साइन की, जिसका ऐलान हाल ही में हुआ है। अगर ताजा खबरों की मानें तो जाह्नवी कपूर के हाथ साउथ डायरेक्टर पा रंजीत की अपकमिंग वेब सीरीज भी लग गई है, जिसकी शूटिंग मई महीने से शुरू होने वाली है।
पा रंजीत की वेब सीरीज से तमिल डेब्यू करेंगी जाह्नवी कपूर
जाह्नवी कपूर के तेलुगु डेब्यू के बाद से ही ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि वो बहुत ही जल्द तमिल डेब्यू भी कर सकती हैं। अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के साथ जाह्नवी कपूर का नाम जुड़ रहा था लेकिन अब साफ हो गया है कि उन्होंने डायरेक्टर पा रंजीत के अगले प्रोजेक्ट को साइन कर लिया है। पा रंजीत जल्द ही एक वेब सीरीज बनाने वाले हैं, जो कि एक सोशल ड्रामा होगी। पा रंजीत ने इसी सोशल ड्रामा वेब सीरीज के लिए जाह्नवी कपूर को साइन किया है। मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, नीमल प्रोडक्शन्स इस वीमेन सेंट्रिक वेब सीरीज को प्रोड्यूस करेगा।
फिल्म से जुड़े सूत्र ने पोर्टल को जानकारी दी है, 'जाह्नवी कपूर और पा रंजीत इस प्रोजेक्ट को पिछले 6 महीनों से डिस्कस कर रहे थे। पा रंजीत इस प्रोजेक्ट के लिए जाह्नवी कपूर को ही साइन करना चाहते थे लेकिन दोनों की डेट्स नहीं मिल पा रही थीं। पा रंजीत इस वेब सीरीज में महिलाओं से जुड़े मुद्दे को उठाएंगे और उनकी स्थिति को पर्दे पर दिखाएंगे। 6 महीने बात करने के बाद जाह्नवी कपूर और पा रंजीत की डेट्स मैच हो गई हैं और ये सीरीज मई 2025 से शुरू हो जाएगी।'
