Bigg Boss OTT 3 Poulomi Das Slams Elvish Yadav For Threatening Sai Ketan Rao: जियो सिनेमा के चर्चित शो 'बिग बॉस ओटीटी 3' से सुर्खियां बटोरने वाली पॉलोमी दास इन दिनों काफी चर्चा में हैं। एक्ट्रेस भले ही 'बिग बॉस ओटीटी 3' से बाहर आ चुकी हैं, लेकिन उन्होंने यहां रहते हुए भी कंटेस्टेंट्स को आड़े हाथों लेने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पॉलोमी दास (Poulomi Das) को लवकेश कटारिया के कारण 'बिग बॉस ओटीटी 3' (Bigg Boss OTT 3) से हाथ धोना पड़ा था। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने मेकर्स की तो पोल खोली ही। वहीं अब उन्होंने एल्विश यादव को आड़े हाथों लिया है।
बता दें कि एल्विश यादव (Elvish Yadav) ने साई केतन राव को सरेआम धमकी दी थी। एल्विश यादव ने साई केतन राव पर लवकेश कटारिया संग बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया और कहा, "बिग बॉस' के बाहर भी जिंदगी है। हमारे भाई से थोड़ा सही से पेश आना।" एल्विश यादव की इन बातों पर पॉलोमी दास (Poulomi Das) ने आपत्ति जाहिर की। उन्होंने ट्वीट में एल्विश यादव को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, "ये बहुत दुख की बात है कि 'बिग बॉस ओटीटी 3' (Bigg Boss OTT 3) के विजेता ने साई केतन राव को खुलेआम धमकी दी है। तो इस तरह आप इस पीढ़ी को प्रेरणा दे रहे हैं। ये बिल्कुल भी बर्दाश्त करने के लायक नहीं है। बहुत ही निराशाजनक चीज है ये।"
बता दें कि पॉलोमी दास (Poulomi Das) ने अपने एक इंटरव्यू में भी एल्विश यादव (Elvish Yadav) को साई केतन राव को धमकाने के लिए आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था, "क्या होगा अगर साई के साथ सच में कुछ बुरा हो गया तो? क्या वह जिम्मेदारी लेंगे।" पॉलोमी दास की इन बातों पर अभी तक साई केतन राव का कोई रिएक्शन नहीं आया है।
