Ayesha Khan fainted on Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Set: बिग बॉस 17 में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री लेकर दर्शकों के बीच में पहचान बनाने वाली आयशा खान लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। बीते दिनों दर्शकों ने उन्हें रवि दुबे और सरगुन मेहता के शो दिल को रफू कर ले में करण वी ग्रोवर के साथ देखा था, जिसमें उन्होंने शानदार काम किया था। इस शो के बाद आयशा खान कपिल शर्मा की नई कॉमेडी फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 के लिए कमर कस रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग इन दिनों भोपाल में चल रही है। शूटिंग सेट से सामने आई खबर की मानें तो आयशा खान की तबीयत इस मूवी के सेट पर खराब हो गई है और वो चक्कर खाकर गिर पड़ी हैं।
इंटरनेट पर इस वक्त एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आयशा खान कपिल शर्मा की फिल्म किस किस को प्यार करूं के सेट पर बीमार नजर आ रही हैं। वीडियो में आयशा खान कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं और लोग उनके चारों तरफ खड़े हैं। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने बताया है कि सेट पर आयशा खान चक्कर खाकर गिर पड़ी थीं।
जब से इंटरनेट पर आयशा खान का ये वीडियो वायरल हुआ है, तब से ही लोग उनका मजाक उड़ा रहे हैं। लोगों का कहना है कि वो बिग बॉस 17 के घर में भी इसी तरह से बीमार होकर गिर पड़ी थीं। एक यूजर ने लिखा है, 'आयशा खान तो हर जगह चक्कर खाकर गिर पड़ती है। बिग बॉस में भी इसका यही ड्रामा था।' बताते चलें कि किस किसको प्यार करू 2 कपिल शर्मा की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म है। इसमें कपिल शर्मा लम्बे समय के बाद खुलकर कॉमेडी करते दिखाई देंगे।
