टीवी धारावाहिक ये रिश्ता क्या कहलाता है दर्शकों के दिलों पर राज करने वाला सबसे लम्बा शो है। ये रिश्ता क्या कहलाता है के मेकर्स समय-समय पर इस शो में बदलाव करते रहे हैं, जिस कारण दर्शकों का मन इस शो से कभी भी नहीं ऊबा है। शो की कहानी के साथ-साथ इससे जुड़ी गॉसिप्स की वजह से भी दर्शक इस शो के प्रति हमेशा उत्साहित रहे हैं। ये रिश्ता क्या कहलाता है के निर्माता राजन शाही ने एक ऐसे ही विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि वो आज भी हिना खान के साथ बात नहीं करते हैं। जब हिना खान ये रिश्ता क्या कहलाता है के लिए अपना ट्रैक खत्म कर रही थीं तब उनके और राजन शाही के बीच विवाद हो गया था, जिसके चलते ये दोनों आज तक एक-दूसरे से बात नहीं करते हैं।
राजन शाही क्यों नहीं करते हिना खान से बात?
राजन शाही ने हिना खान की तारीफ करते हुए कहा है कि वो अच्छी अदाकारा हैं, जिस कारण वो आज तक लोगों के दिलों में हैं लेकिन उनके रिश्ते हिना खान के साथ अच्छे नहीं हैं। राजन शाही के अनुसार, 'जो लोग अपना काम जानते हैं, वो इस इंडस्ट्री में लम्बी रेस तय करते हैं। उदाहरण के तौर पर हिना खान को ही ले लीजिए। उनके साथ मेरे अपने विवाद हैं लेकिन वो अब तक इंडस्ट्री में हैं। वो अभी तक लोगों के बीच में जिंदा हैं क्योंकि उनमें टैलेंट है। हिना ने समय के साथ अपनी इमेज बदली है, वो आज एक फैशन आइकन हैं। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं लेकिन हमारी बात नहीं होती है।'
राजन शाही के अनुसार, 'हिना ने खुद पर काफी काम किया है। आखिरी दिनों में हमारे बीच में कुछ विवाद हुए थे लेकिन वो अब बंद चैप्टर है। हिना ने खुद की अलग पहचान बनाई है। उन्होंने दर्शकों से मिली लोकप्रियता को नजरअंदाज नहीं किया, बल्कि उस पर काम किया और आज वो इतनी बड़ी स्टार बन चुकी हैं।' बताते चलें कि टीवी पर नाम कमाने के साथ-साथ हिना खान ने फिल्म इंडस्ट्री में भी अहम जगह बनाई है।
