Aly Goni Makes Comeback In Laughter Chef 2: टीवी के धमाकेदार शो 'लाफ्टर शेफ 2' ने छोटे पर्दे पर गदर काटने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'लाफ्टर शेफ 2' में कंटेस्टेंट्स लगातार कुकिंग स्किल दिखाने के साथ-साथ हंसी और मजाक का भी खूब तड़का लगाते हैं। कृष्णा अभिषेक से लेकर सुदेश लहरी तक 'लाफ्टर शेफ 2' के मनोरंजन को बढ़ाने का काम करते हैं। कुछ वक्त पहले अब्दु रोजिक के अचानक शो से ब्रेक लेने के बाद करण कुंद्रा ने 'लाफ्टर शेफ 2' में वापसी की। वहीं अब मन्नारा चोपड़ा के अचानक जाने के बाद एक्ट्रेस निया शर्मा की वापसी की खबरें सामने आ रही हैं। खास बात तो यह है कि अब अली गोनी (Aly Goni) ने भी 'लाफ्टर शेफ 2' (Laughter Chef 2) में धाकड़ कमबैक कर लिया है।
अली गोनी (Aly Goni) का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह राहुल वैद्य के साथ नजर आए। राहुल वैद्य वीडियो में कहते दिखाई दिये कि पुराने पापी मतलब जो पुराने पार्टनर थे, वो एक साथ आ चुके हैं। नई जोड़ी को पेश कर रहा हूं, अली और राहुल। इतना ही हीं, 'लाफ्टर शेफ 2' में वापसी के साथ ही अली गोनी ने गोल्डन स्टार भी जीत लिया, जो कि उनकी टी-शर्ट पर लगा नजर आया। हालांकि अली गोनी ने रुबीना दिलैक को शो में रिप्लेस नहीं किया है। क्योंकि एक्ट्रेस अभी भी "लाफ्टर शेफ 2' का हिस्सा हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि अली गोनी की जोड़ी इस बार करण कुंद्रा के साथ बनी है।
अली गोनी (Aly Goni) को 'लाफ्टर शेफ 2' (Laughter Chef 2) के सेट पर देख फैंस की एक्साइटमेंट भी सातवें आसमान पर पहुंच गई। एक यूजर ने लिखा, "मैं बहुत खुश हूं कि अली वापिस आ गया।" दूसरे यूजर ने लिखा, "हिट जोड़ी।" बता दें कि 'लाफ्टर शेफ' के पहले सीजन में अली गोनी और राहुल वैद्य की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था।
