Shraddha Arya Reveals Ekta Kapoor Would Send Team At Her Home For Shooting: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। श्रद्धा आर्या ने "कुंडली भाग्य' की प्रीता बनकर घर-घर में अपनी पहचान कायम की। हालांकि प्रेग्नेंसी के कारण एक्ट्रेस को शो से ब्रेक लेना पड़ा था। वहीं कुछ वक्त बाद एकता कपूर ने इस शो पर ही ताला लगा दिया। लेकिन इन दिनों श्रद्धा आर्या एकता कपूर के टीवी शो 'कुमकुम भाग्य' में नजर आ रही हैं। खास बात तो यह है कि इस सीरियल में भी श्रद्धा आर्या (Shraddha Arya) प्रीता का रोल ही अदा कर रही हैं। हाल ही में दिए इंटरव्यू में श्रद्धा आर्या ने बताया कि कई बार शूटिंग के लिए एकता कपूर उनके घर पर ही टीम भेज देती थीं।
श्रद्धा आर्या (Shraddha Arya) मां बनने के करीब 5 महीने बाद शूटिंग पर वापिस लौटी हैं। उन्होंने एकता कपूर के शो 'कुमकुम भाग्य' से वापसी की। श्रद्धा आर्या ने ई-टाइम्स को दिये इंटरव्यू में बताया कि काम पर लौटना उनके लिए बहुत रिफ्रेशिंग बदलाव रहा है। श्रद्धा आर्या ने इस सिलसिले में कहा, "मैं बहुत जल्दी वापिस आ गई तो ऐसा महसूस ही नहीं हुआ कि मैंने शो छोड़ा था। मैंने किरदार से दोबारा खुद को जोड़ लिया, ऐसा लगता है कि मैं हमेशा से ही ऐसे जी रही थी।" श्रद्धा आर्या ने इंटरव्यू के दौरान एकता कपूर की भी जमकर तारीफें कीं। उन्होंने बताया कि एकता कपूर ने प्रेग्नेंसी के दौरान उनकी काफी मदद की थी।
श्रद्धा आर्या (Shraddha Arya) ने इस सिलसिले में कहा, "जब प्रेग्नेंसी में मैं तीन महीने के लिए बीमार पड़ी थी तो वो मेरे लिए घर पर शूटिंग करने के लिए टीम भेज देते थे। अभी भी वो मुझे केवल वीकेंड्स पर ही बुलाते हैं, क्योंकि बतौर मां ये मेरे शेड्यूल के हिसाब से ठीक बैठता है। हर कोई एकता कपूर नहीं है। वो बहुत ही दयालू हैं। उन्होंने मुझसे कहा कि जो भी तुम्हारे लिए सहज हो, 4 घंटे या पांच घंटे। मैं वीकेंड पर भी 12 घंटे की शिफ्ट नहीं कर रही हूं और ये ठीक भी है।"
