Mohsin Khan Not Going To Be Part Of Khatron Ke Khiladi 15: टीवी के धमाकेदार शो 'खतरों के खिलाड़ी' ने अपने हर सीजन से छोटे पर्दे पर तूफान मचाया है। 'खतरों के खिलाड़ी' के 15वें सीजन का भी जल्द ही आगाज होने वाला है, जिसके लिए मेकर्स जोरों-शोरों पर तैयारियां कर रहे हैं। 'खतरों के खिलाड़ी 15' के लिए अभी तक कई टीवी सितारों को भी अप्रोच किया जा चुका है, जिसमें ईशा सिंह से लेकर गौतम गुलाटी तक का नाम शामिल है। यहां तक कि मल्लिका शेरावत भी इस साल 'खतरों के खिलाड़ी 15' (Khatron Ke Khiladi 15) में हाथ आजमाती नजर आ सकती हैं। लेकिन इन सबके बीच ही एक एक्टर ने 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा बनने से साफ इंकार कर दिया है।
'खतरों के खिलाड़ी 15' (Khatron Ke Khiladi 15) को ठुकराने वाला वो स्टार कोई और नहीं बल्कि एक्टर मोहसिन खान (Mohsin Khan) हैं। मोहसिन खान को लेकर खबर थी कि मेकर्स ने उन्हें शो के लिए अप्रोच किया है और वह इस साल रोहित शेट्टी के शो का हिस्सा बन सकते हैं। लेकिन हाल ही में उनसे जुड़े सूत्रों ने इस मामले की सच्चाई जाहिर की है। उन्होंने बताया कि मोहसिन खान 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा नहीं बनने वाले हैं। सूत्रों ने मोहसिन खान के सिलसिले में कहा, "नहीं ये सच नहीं है। मोहसिन खान न तो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा बन रहे हैं और न ही मेकर्स के साथ उनकी बातचीत हो रही है। वो इस साल ये शो बिल्कुल भी नहीं कर रहे हैं।"
बता दें कि मोहसिन खान (Mohsin Khan) के अलावा एल्विश यादव का नाम भी 'खतरों के खिलाड़ी 15' (Khatron Ke Khiladi 15) के लिए सामने आया था। लेकिन एल्विश यादव ने भी शो ठुकराने में जरा भी देर नहीं की। इन सबसे इतर मोहसिन खान को लेकर ये भी बताया जा रहा है कि वह 'झनक' में लीप के बाद बतौर लीड एक्टर कदम रख सकते हैं। हालांकि इस मामले पर एक्टर की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
