Hindustani Bhau Files FIR Against Farah Khan For Hurting Religious Sentiments: टीवी पर इन दिनों 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' खूब सुर्खियां बटोर रहा है। सभी सितारे अपनी कुकिंग की परीक्षा देकर जजेस को इंप्रेस करने की कोशिश करते हैं। लेकिन कुछ दिनों पहले शो में फराह खान ने होली स्पेशल एपिसोड के दौरान एक बयान दिया था, जिसकी वजह से वह जमकर ट्रोल हुईं। 'बिग बॉस 18' फेम तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने फराह खान को वीडियो शेयर कर 'छपरी' बताया। हैरत की बात तो यह है कि अपने उस बयान के लिए अब फराह खान कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। दरअसल, हिंदुस्तानी भाऊ यानी विकास पाठक ने फराह खान (Farah Khan) के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, साथ ही उनपर धार्मिक भावनाएं आहत करने का भी आरोप लगाया है।
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, फराह खान (Farah Khan) के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस थाने में 21 फरवरी को शिकायत दर्ज हुई है, जिसमें उनके खिलाफ विवादित बयान के लिए एक्शन लेने की मांग हुई है। शिकायत के मुताबिक, फराह खान ने होली के सिलसिले में बात करते हुए कहा था कि ये छपरियों का पसंदीदा त्यौहार है। उनके इस कथन को विवादित माना जा रहा है। हिंदुस्तानी भाऊ ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि फराह खान के इस बयान ने उनकी और हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
फराह खान (Farah Khan) के बारे में बात करते हुए हिंदुस्तानी भाऊ के वकील एडवोकेट देशमुख ने कहा, "मेरे क्लाइंट का मानना है कि फराह खान का कमेंट न केवल अपमानजनक था, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द्र को भी बिगाड़ सकता है। एक त्यौहार के लिए 'छपरी' शब्द का इस्तेमाल करना बहुत ही गलत है।" शिकायत में अनुरोध किया गया है कि फराह खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 196, 299, 302 और 353 के खिलाफ एक्शन लिया जाए।
