Tejasswi Prakash Reveals There Is Lot Of Struggle In Bollywood: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से इंडस्ट्री में जबरदस्त जगह बनाई हुई है। तेजस्वी प्रकाश इन दिनों 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' में नजर आ रही हैं। खास बात तो यह है कि तेजस्वी प्रकाश ने 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' के टॉप 5 में भी जगह बना ली है। इससे पहले एक्ट्रेस को आखिरी बार 'नागिन 6' में देखा गया था, जहां उन्होंने प्रथा बनकर लोगों का खूब दिल जीता। लेकिन 'नागिन 6' के बाद तेजस्वी प्रकाश ने टीवी से ब्रेक लेकर फिल्मों में हाथ आजमाने की कोशिश की। हालांकि हर बार तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) को मायूस होकर ही लौटना पड़ा। इस बात को लेकर अब तेजस्वी प्रकाश ने टेली टॉक/टाइम्स नाउ संग बातचीत की है। तेजस्वी प्रकाश ने बताया कि इस वक्त हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बहुत संघर्ष है।
तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद संघर्ष के सिलसिले में कहा, "वहां बहुत मुश्किलें हैं, क्योंकि वहां बहुत सी लड़कियां हैं जो हमारे ही उम्र की हैं और उनका परिवार पहले से ही फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद है। वहां पहले से ही बहुत कुछ चल रहा है। कई इंफ्लुएंसर्स ऐसे हैं जो अब कलाकार बन चुके हैं और फिर बहुत से लोग मेरे जैसे हैं जो अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं सच में मेकर्स पर शक नहीं करती। मुझे लगता है कि वहां हमारे जैसे बहुत से लोग हैं।" तेजस्वी प्रकाश ने उन चीजों को भी बयां किया, जो उन्होंने खुद देखी हैं।
तेजस्वी प्रकाश (Tejasswi Prakash) ने अपने साथ हुई चीजों के बारे में बात करते हुए कहा, "ये बहुत ही दुर्भाग्यशाली है कि जब भी हम मीटिंग के गए हैं, ये कास्टिंग एजेंसी, प्रोडक्शन हाउस और मैनेजमेंट एजेंसी यही कहती हैं कि यहां कोई प्रोजेक्ट नहीं है। कई बड़ी फिल्में ऐसी हैं जिसमें बड़े स्टार्स हैं लेकिन उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। उनका कहना है कि इंडस्ट्री अच्छी स्थिति में नहीं है। तो मुझे लगता है कि बदलाव की जरूरत है और मैं उम्मीद करती हूं कि फिल्में ठीक से चलनी शुरू हों क्योंकि जब फिल्में सही चलनी शुरू होंगी तब ही उसमें हमारे लिए जगह बन पाएगी। अब मैं लोगों में मूवी देखने का क्रेज नहीं देखती।"
