Exclusive Kushal Tandon Not Going To Be Part Of Ekta Kapoor Kumkum Bhagya: डेली सोप क्वीन एकता कपूर ने अपने टीवी सीरियल्स से छोटे पर्दे पर हमेशा ही धूम मचाई है। एकता कपूर का 'कुमकुम भाग्य' बीते कई सालों से दर्शकों के दिलों-दिमाग पर राज कर रहा है। लेकिन बीते कुछ वक्त से शो की टीआरपी लगातार गिर रही है, जिसे उठाने के लिए अब एकता कपूर लीप लेकर आने वाली हैं। इसके बाद 'कुमकुम भाग्य' की कहानी नए सिरे से शुरू होगी। 'कुमकुम भाग्य' (Kumkum Bhagya) में लीप के बाद जहां पुराने कलाकारों की छुट्टी हो जाएगी तो वहीं नए कलाकार इसकी कहानी को आगे बढ़ाएंगे। शो के नए लीड के लिए एक्टर कुशाल टंडन का नाम भी सामने आया था, जिसे लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई थी। लेकिन अब मामला दूसरी दिशा में जाता नजर आ रहा है।
'कुमकुम भाग्य' (Kumkum Bhagya) से जुड़े एक सूत्र ने टेली टॉक/टाइम्स नाउ संग बातचीत में बताया कि कुशाल टंडन को लेकर मेकर्स अभी आश्वस्त नहीं हैं। उनके नाम पर चर्चा जरूर हुई थी, लेकिन उन्हें लीड किरदार के लिए चुना नहीं गया है। सूत्र ने इस सिलसिले में बात करते हुए कहा, "कुशाल टंडन के बारे में चर्चा हुई थी, लेकिन उन्हें लीड रोल के लिए अभी तक नहीं चुना गया है, क्योंकि शारीरिक पहलू के साथ-साथ वो रोल की बाकी जरूरतों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं। इसका नतीजा ये निकला है कि उन्हें अभी तक तय नहीं किया गया है। बज केवल अटकलों तक ही सीमित हैं।"
बता दें कि पहले 'कुमकुम भाग्य' (Kumkum Bhagya) से ही जुड़े सूत्रों ने बताया था कि मेकर्स कुशाल टंडन को लीड रोल में कास्ट करना चाहते हैं, क्योंकि वो रोल के हिसाब से बिल्कुल फिट हैं। वहीं दूसरी ओर मेकर्स ने 'कुमकुम भाग्य' के लिए लीड एक्ट्रेस की तलाश भी जारी रखी है। हालांकि अभी तक किसी भी एक्ट्रेस का नाम सीरियल के लिए सामने नहीं आया है।
