Devoleena Bhattacharjee Slams Kolkata Police Over Viral Video Of RG Kar Medical College: कोलकाता में पीजीटी डॉक्टर संग हुई बलात्कार की घटना ने पूरे देश को सदमे में पहुंचा दिया है। 31 वर्षीय महिला डॉक्टर संग रेप के मामले को लेकर कोलकाता सहित कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और न्याय की मांग की जा रही है। आम लोगों के साथ-साथ टीवी स्टार्स भी मामले को लेकर आक्रोश में हैं। वहीं हाल ही में आरजी कर मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख देवोलीना भट्टाचार्जी ने प्रशासन को फटकार लगाई है। देवोलीना भट्टाचार्जी (Devoleena Bhattacharjee) ने 'कोलकाता' को भी गुंडाराज का गढ़ बताया है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े इस वीडियो में नजर आया कि कुछ लोगों की भीड़ दीवार फांदकर गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश कर रही है। इस वीडियो को देख देवोलीना भट्टाचार्जी (Devoleena Bhattacharjee) का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, "ये बात साफ हो चुकी है कि कोलकाता गुंडा राज का राज्य बनता रहा है, अपराध और अपराधी का गढ़ हो चुका है। और सबसे बड़ी बात तो यह है कि पीड़ितों के लिए यहां न्याय बिल्कुल नहीं है। क्या कर रही है ये कोलकाता पुलिस?"
बता दें कि कोलकाता में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर पश्चिम बंगाल (West Bengal) के राज्यपाल सीवी आनंदा बोस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर और छात्रों से मुलाकात की और न्याय का आश्वासन भी दिया। उनका कहना है, "आपको न्याय मिलेगा। मैं यहां आपको सुनने आया हूं। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और जीतेंगे भी। हम आपके साथ हैं। मेरी सेवाएं आपको समर्पित हैं।"
