Bigg Boss 18 Voice Artist Vijay Vikram Singh Gets Death Threat From Rajat Dalal: सलमान खान के धमाकेदार और विवादित शो "बिग बॉस 18' ने सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। 'बिग बॉस 18' के फिनाले में करण वीर मेहरा ने जीत दर्ज की। वहीं विवियन डीसेना, रजत दलाल, अविनाश मिश्रा, ईशा सिंह और चुम दरांग को हार का मुंह देखना पड़ा। रजत दलाल टॉप 3 में आकर एविक्ट हो गए थे, जिसे लेकर उनके फैंस ने खूब नाराजगी जाहिर की। रजत के फैंस का मानना है कि जब वह हर बार वोटिंग ट्रेंड में आगे चल रहे थे तो टॉप 3 से कैसे एविक्ट हुए। इन सबसे इतर रजत दलाल के फैंस पर करण वीर मेहरा के सेलिब्रिटी सपोर्टर्स को धमकी देने का आरोप लगा है। वहीं अब 'बिग बॉस 18' (Bigg Boss 18) के वॉयस आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह (Vijay Vikram Singh) भी रजत दलाल (Rajat Dalal) के फैंस के निशाने पर आ गए हैं।
'बिग बॉस 18' (Bigg Boss 18) के वॉयस आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह की हाल ही की पोस्ट में रजत दलाल (Rajat Dalal) के फैंस ने उन्हें धमकियां देना और अपशब्द कहना शुरू कर दिया, जिससे परेशान होकर विज्य विक्रम सिंह को कमेंट सेक्शन ऑफ करना पड़ा। रजत दलाल के फैंस विजय विक्रम सिंह को 'बिग बॉस' मान बैठे और उन्होंने कमेंट में कलाकार को चेतावनी देते हुए लिखा, "आपने रजत दलाल के साथ गलत किया है। आपका परिवार और बच्चे कभी भी खुश नहीं रहेंगे।" बता दें कि विजय विक्रम सिंह पहले भी ये साफ कर चुके हैं कि घर में आने वाली बिग बॉस की आवाज उनकी नहीं होती है।
विजय विक्रम सिंह (Vijay Vikram Singh) ने इस सिलसिले में कहा था, "कमेंट सेक्शन और मैसेज में मुझे भला-बुरा कहना बंद करें। मैं केवल दर्शकों के लिए टाइमिंग्स और टास्क बताता हूं। मुझे उस आवाज के बारे में कुछ नहीं पता, जो कंटेस्टेंट्स से बात करती है। मुझे नहीं मालूम कि ये किसी इंसान की आवाज है या फिर मशीन की। तो मैं दर्शकों से अनुरोध करूंगा कि आप लोग मुझे भला-बुरा कहना बंद करें।"
