Bhabhi Ji Ghar Par Hai Actor Firoz Khan Death: टीवी के चर्चित शो 'भाभी जी घर पर है' में अहम भूमिका निभा चुके एक्टर फिरोज खान (Firoz Khan) ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। फिरोज खान का 23 मई की सुबह दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया है। बता दें कि उन्होंने 'भाभी जी घर पर है' और 'जीजा जी छत पर हैं' जैसे कई टीवी शो में काम किया है। अपनी एक्टिंग के साथ-साथ वह अपनी मिमिक्री के लिए भी खूब जाने जाते थे। फिरोज खान को अमिताभ बच्चन के हमशक्ल के तौर पर भी जाना जाता था।
फिरोज खान (Firoz Khan) के निधन से 'भाभी जी घर पर हैं' की टीम के साथ-साथ उनके फैंस को भी झटका लगा है। फिरोज खान के को-स्टार आसिफ शेख ने बताया है कि एक्टर पारिवारिक परेशानी से जूझ रहे हैं। फिरोज ने उन्हें करीब तीन दिन पहले कॉल भी की थी, लेकिन वह उसे पिक नहीं कर पाए थे। इस बात को लेकर आसिफ शेख दुखी भी हैं। उनका कहना है कि वह इस बात से परेशान हैं कि उन्होंने फिरोज खान को वापिस कॉल क्यों नहीं की।
फिरोज खान (Firoz Khan) के सिलसिले में आसिफ शेख ने ई-टाइम्स से बताया कि एक्टर ने टीवी इंडस्ट्री छोड़ दी थी और अपने होमटाउन बदायूं में रहने लगे थे। आसिफ शेख के मुताबिक, फिरोज खान ने पारिवारिक परेशानियों के कारण एक्टिंग को अचानक अलविदा कह दिया था और यूपी में अपने होमटाउन जाकर रहने लगे थे।
इन टीवी शोज में नजर आ चुके हैं फिरोज खान
बता दें कि फिरोज खान (Firoz Khan) ने अपने करियर में 'साहब बीबी और बॉस', 'हप्पू सिंह की उल्टन पल्टन' और 'शक्तिमान' जैसे टीवी शो में भी काम किया है। इसके अलावा वह अदनान सामी के 'थोड़ी सी तू लिफ्ट करा दे' में भी नजर आ चुके हैं।
