Rajan Shahi Breaks Silence On Low TRP Of Anupamaa After Samar Death: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस रुपाली गांगुली और एक्टर गौरव खन्ना का शो 'अनुपमा' (Anupamaa) ने लोगों के दिलों-दिमाग पर छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'अनुपमा' में आने वाले ट्विस्ट और टर्न्स ने लोगों का भी खूब दिल जीता है। लेकिन बीते कुछ दिनों पहले शो में समर यानी सागर पारेख की मौत दिखाई गई थी, जिसके बाद न केवल 'अनुपमा' की कहानी पूरी तरह से बदल गई। बल्कि 'अनुपमा' की टीआरपी में भी बहुत बदलाव आया। शो की रेटिंग घट गई, जिससे ये तीसरे और चौथे नंबर पर आ गया। ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि समर की मौत के कारण 'अनुपमा' की टीआरपी कम हुई है। इस मामले पर अब राजन शाही (Rajan Shahi) ने चुप्पी तोड़ी है।
राजन शाही (Rajan Shahi) ने टेली चक्कर से बातचीत के दौरान समर की मौत के बाद 'अनुपमा' (Anupamaa) में आए बदलाव पर बात की। उन्होंने इस बारे में कहा, "हमें पहले से ही मालूम था कि समर की मौत का ट्रैक लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आएगा। लेकिन डेथ ट्रैक को लेकर मैं अपने फैसले पर टिका हुआ था, क्योंकि मैं लंबी प्रक्रिया के बारे में सोच रहा था। हमें ये भी आंदेशा था कि एक वक्त ऐसा आएगा, जब शो की टीआरपी गिरेगी। शो में समर की मौत ने केवल फैंस को ही नहीं बल्कि सितारों को और सेट पर मौजूद बाकियों को भी चौंका दिया था। लेकिन हमें मालूम था कि इससे हमें आगे की कहानी मिलेगी।"
राजन शाही (Rajan Shahi) ने 'अनुपमा' (Anupamaa) की टीआरपी रेटिंग में आई कमी पर बात करते हुए आगे कहा, "लोग अक्सर ड्रामा में अच्छी चीजें ही देखना चाहते थे। ये फैसला हमने बहुत सोच-समझकर लिया था। हमें पहले ही पता था कि इस सीक्वेंस के बाद फैंस शो से दूर भागेंगे।" बता दें कि 'अनुपमा' की टीआरपी रेटिंग बढ़ाने के लिए मेकर्स इसमें 5 साल का लीप लेकर आए हैं, जिसके बाद अनुपमा अमेरिका पहुंच गई है।
