Amitabh Bachchan Reveals Meaning Behind Cryptic Post 'Time To Go': बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का खूब दिल जीता है। अमिताभ बच्चन दशकों से दर्शकों के दिलों पर राज करते आ रहे हैं। फिल्मों के साथ-साथ 'कौन बनेगा करोड़पति 16' (Kaun Banega Crorepati 16) से भी वो अपने फैंस से बखूबी जुड़ते हैं। काम के अलावा अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) सोशल मीडिया पर भी खूब एक्टिव रहते हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने ट्वीट किया, जिसे देख फैंस हैरान रह गए। अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट में लिखा था, "जाने का वक्त आ गया है...।" इस बात को लेकर लोग असमंजस में पड़ गए कि अमिताभ बच्चन कहां जाने की बात कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के ट्वीट को लेकर 'कौन बनेगा करोड़पति 16' (Kaun Banega Crorepati 16) के दर्शकों ने भी उनसे सवाल किया। एक दर्शक ने अमिताभ बच्चन से सवाल किया कि कहां जाना है? इसपर अमिताभ बच्चन ने आंख मारते हुए कहा, "जाने का समय आ गया है मतलब...।" अमिताभ बच्चन अपनी बात पूरी कर पाते, इससे पहले ही दूसरे दर्शक ने कहा, "आप यहां से कहीं भी नहीं जा सकते।" दर्शकों की बातें सुनकर अमिताभ बच्चन खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने अपने ट्वीट पर सफाई देते हुए कहा, "अरे भाईसाहब, हमको काम पर जाने का समय आ गया है।"
अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने मजेदार अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "गजब बात करते हो यार। और रात को जब 2 बजे यहां से छुट्टी मिलती है तो घर पहुंचते-पहुंचते 1-2 बज जाते हैं। वो लिखते-लिखते हमको नींद आ गई। तो वो वहीं तक रह गया। जाने का वक्त और हम सो गए।" बता दें कि अमिताभ बच्चन ने बीती रात भी ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "जाएं कि रुकें।"
