साउथ मूवीज

Subhash George पर 99 लाख रुपये की क्रिप्टो ठगी का केस दर्ज, 100 करोड़ के कथित घोटाले की भी होगी जांच

  • Authored by: अभय
  • Updated Aug 30, 2026, 01:48 PM IST

Subhash George Crypto Fraud Case: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। फिल्म प्रोड्यूसर सुभाष जॉर्ज पर 99 लाख रुपये की कथित क्रिप्टो ठगी का मामला दर्ज हुआ है।

Image

सुभाष जॉर्ज के खिलाफ दर्ज हुआ केस (Image Source: Subhash George Instagram)

Subhash George Crypto Fraud Case: साउथ सिनेमा की फिल्म पैट्रियट (Patriot) से जुड़े प्रोड्यूसर सुभाष जॉर्ज (Subhash George) इन दिनों एक कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। उनके खिलाफ 99 लाख रुपये के कथित क्रिप्टो फ्रॉड मामले में केस दर्ज किया गया है। मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसियों की नजर सिर्फ इस रकम तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़े कथित घोटाले की भी जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले में करीब 100 करोड़ रुपये के कथित फ्रॉड का एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि सुभाष जॉर्ज के खिलाफ ये कार्रवाई क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े एक मामले में हुई है। इस मामले में शिकायतकर्ता को कथित तौर पर 99 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अब जांच एजेंसियां ये पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे मामले में पैसे का लेन-देन किस तरह हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग या संस्थाएं जुड़ी हुई हैं।

सुभाष जॉर्ज के खिलाफ दर्ज हुआ केस

Asianet News के मुताबिक केरल में दर्ज केस में करीब 99 लाख रुपये के क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन का आरोप है। शिकायत यूके में रहने वाले मलयालियों ने की, जिसके बाद करुकाचल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। रिपोर्ट्स के अनुसार केरल वाला केस यूके से चलाई जा रही आर्थिक गतिविधियों को लेकर विवाद का हिस्सा हो सकता है। सुभाष जॉर्ज पर 2014 से अलग-अलग देशों के लोगों से करीब 100 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। आरोप अभी जांच के अधीन हैं। शिकायतों के मुताबिक सुभाष जॉर्ज ने एक क्रिप्टोकरेंसी बनाई और उससे जुड़ा मोबाइल ऐप लॉन्च किया। प्रभावित बताए जा रहे लोगों का कहना है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को आकर्षित किया गया और गुमराह करके पैसे लगवाए गए। मामला यूके मेट्रोपॉलिटन पुलिस के संज्ञान में भी लाया गया है। पीड़ित बताए जा रहे लोगों ने ब्रिटिश अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई है। जांच एजेंसियां आरोपों और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही हैं।

'पैट्रियट' की फंडिंग भी जांच के घेरे में

जांच में एक और पहलू ये भी है कि लोगों से जमा किए पैसे का इस्तेमाल कहां हुआ। पुलिस उन दावों की जांच कर रही है कि कुछ पैसे कोच्चि ब्लू टाइगर्स क्रिकेट टीम खरीदने में लगे, जिसकी मालिकाना हक सुभाष जॉर्ज के पास है। अधिकारी ये भी देख रहे हैं कि कथित आर्थिक गतिविधियों से जुड़े पैसे पैट्रियट फिल्म बनाने में तो नहीं लगे, जो 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article