Naga Chaitanya on Konda Surekha comment: तेलंगाना मंत्री कोंडा सुरेखा ने नागा चैतन्य-सामंथा रुथ प्रभु के तलाक पर विवादित बयान देकर नागार्जुन परिवार की जड़ों पर वार किया है, जिसके खिलाफ पूरी तेलुगु इंडस्ट्री ने मोर्चा खोल दिया है। अल्लू अर्जुन से लेकर जूनियर एनटीआर समेत कई साउथ स्टार्स कोंडा सुरेखा के बयान पर आपत्ति जता चुके हैं। इसी बीच नागा चैतन्य ने खुद कोंडा सुरेखा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जताई है और उनके दावों को आधारहीन और झूठ करार दिया है। नागा चैतन्य ने कहा है कि कोंडा सुरेखा के दावों में बिल्कुल सच्चाई नहीं है।
नागा चैतन्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, 'सामंथा से तलाक का फैसला मेरे जीवन का सबसे दुखद और दर्दनाक फैसला था, जिसे मैंने भारी मन से लिया था। हमने काफी समय विचार करने के बाद यह फैसला लिया कि हमें साथ में नहीं रहना चाहिए। हमने ये फैसला शांतिपूर्वक लिया था क्योंकि हमारे रास्ते अलग हो रहे थे और हमारे गोल्स भी अलग-अलग थे। जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए हमने तलाक लिया ताकि निजी तौर पर हम वो अचीव कर पाएं, जिसकी हम चाह रखते हैं।'
एक्टर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'हमारे तलाक को लेकर बहुत सारे गलत दावे किए जा रहे हैं, जिनका कोई आधार नहीं है। मेरे तलाक को लेकर फैलाई जा रहीं गॉसिप्स पर मैं चुप केवल इसलिए था क्योंकि मैं अपनी पूर्व पत्नी और उनके परिवार की इज्जत करता हूं। हालांकि अब बात काफी आगे बढ़ गई है, जिस कारण मेरा चुप रहना ठीक नहीं है।'
नागा चैतन्य ने अपने पोस्ट में महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए यह भी कहा है कि लोगों को सेलेब्स की जिंदगी के बारे में अनाप-शनाप बोलने से बचना चाहिए क्योंकि ये फेम पाने का सरल तरीका हो सकता है लेकिन इससे लोगों की जिंदगियों पर प्रभाव पड़ता है।
