पंजाबी

Honey Singh को महाराष्ट्र साइबर ने फिर भेजा समन, 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए होना होगा पेश

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 14, 2026, 03:48 PM IST

Yo Yo Honey Singh Summoned by Maharashtra Cyber: रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें एक मामले में पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया है।

Image

तीन बार समन के बाद भी पेश नहीं हुए यो यो हनी सिंह? अब लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी (Image Source: Honey Singh Instagram)

Yo Yo Honey Singh Summoned by Maharashtra Cyber: रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके एक कॉन्सर्ट में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। महाराष्ट्र साइबर ने इस मामले में उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, हनी सिंह को 16 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले भी उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजे जाने की खबरें सामने आई थीं। अब इस नए समन के बाद यह देखना होगा कि हनी सिंह तय तारीख पर जांच में शामिल होते हैं या नहीं। इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, इस पर भी सबकी नजरें हैं।

क्या है हनी सिंह के खिलाफ शिकायत का मामला?

ये मामला दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह की कथित टिप्पणी से जुड़ा है। उनके परफॉर्मेंस का एक वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने उनकी बातों पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर महाराष्ट्र साइबर हनी सिंह से पूछताछ करना चाहता है। जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर सकते हैं कि कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने क्या कहा था और उस टिप्पणी के पीछे उनका क्या संदर्भ था। फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है।

पहले भी समन के बावजूद पेश नहीं होने की खबर

रिपोर्ट्स के अनुसार, हनी सिंह को इससे पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वो जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए। सूत्रों का कहना है कि उन्हें पहले तीन बार समन भेजे गए थे। हनी सिंह की ओर से कथित तौर पर विदेश में होने की वजह से पेश न हो पाने की बात कही गई थी। अब महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें एक बार फिर समन जारी किया है और 16 अक्टूबर को उपस्थित होने के लिए कहा है। इस बार वह जांच में शामिल होते हैं या नहीं, ये आने वाले दिनों में साफ होगा। इस मामले में सबसे अहम बात ये है कि अगर हनी सिंह इस बार भी पूछताछ के लिए पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (Look Out Circular यानी LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। महाराष्ट्र साइबर के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से ये बात कही गई है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article