Taapsee Pannu Interivew: एक्ट्रेस तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह फिल्मों का चुनाव सोच-समझकर करती हैं। हाल ही में उन्होंने बदलते हिंदी सिनेमा पर बात करते हुए कहा कि वह खुशकिस्मत हैं कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सही दौर में की। एक्ट्रेस ने यहां तक कहा कि कुछ तरह की फिल्में करने से अच्छा वह रिटायर होना पसंद करेंगी। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं उनका इशारा कियारा आडवाणी (Kiara Advani) की फिल्म ‘टॉक्सिक’ की तरफ तो नहीं था। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Meghna Gulzar की Daayra के ट्रेलर के 5 दमदार और चौंकाने वाले पल)
तापसी पन्नू ने मेनस्ट्रीम सिनेमा को लेकर कही बड़ी बात
हाल ही में तापसी पन्नू ने Suchin Mehrotra के साथ बातचीत में बताया कि पिछले कुछ सालों में हिंदी सिनेमा काफी बदल गया है। उन्होंने 2015 के आसपास बनने वाली थिएटर फिल्मों को याद करते हुए कहा कि कभी-कभी उन्हें यकीन करना मुश्किल होता है कि उस समय वैसी फिल्में बनती थीं। तापसी ने कहा कि अगर आज भी सिर्फ उसी तरह की फिल्में बन रही होतीं, तो शायद उनके जैसे एक्टर का करियर ही नहीं बन पाता। उन्होंने कहा, “मेरे जैसे किसी इंसान का करियर नहीं होता, अगर आज सिर्फ इसी तरह की फिल्में बन रही होतीं।” एक्ट्रेस ने यह भी माना कि उन्हें खुशी है कि उन्हें उस दौर में अपना करियर शुरू करने का मौका मिला।
‘ऐसी फिल्में करने से बेहतर रिटायर हो जाऊंगी’
तापसी पन्नू ने बताया कि कुछ समय पहले वह अपने परिवार के साथ पिछले कुछ महीनों में रिलीज हुई फिल्में देख रही थीं। इसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि आजकल बनने वाली कुछ मेनस्ट्रीम फिल्में वैसी नहीं हैं, जिनका वह हिस्सा बनना चाहेंगी। तापसी ने कहा, “मैंने सोचा कि क्या अब मेरे रिटायर होने का समय आ गया है।” उन्होंने आगे कहा कि कुछ तरह की फिल्में करने से बेहतर वह रिटायर होना पसंद करेंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि ऐसी फिल्मों की अपनी ऑडियंस है।‘मैं अपने काम से प्यार करती हूं, लेकिन आंख बंद करके नहीं’ तापसी ने साफ किया कि उन्हें पता है कि हर तरह की फिल्मों को दर्शक मिलते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह खुद ऐसी फिल्मों में काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने काम से बहुत प्यार करती हैं, लेकिन इतना भी नहीं कि बिना सोचे-समझे किसी भी तरह की फिल्म कर लें। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह अपने करियर को लेकर काफी सोच-समझकर फैसले लेती हैं।
तापसी ने अपने फिल्मी करियर और फिल्मों के चुनाव को लेकर कहा कि समय के साथ ट्रेंड और फिल्मों के जॉनर बदल सकते हैं, लेकिन किसी एक्टर की फिल्मोग्राफी हमेशा उसके करियर का हिस्सा रहती है। तापसी ने आगे कहा कि 10 साल बाद शायद फिल्मों का जॉनर और ट्रेंड बदल जाए, लेकिन आज उन्होंने जो फिल्में की हैं, उनकी फिल्मोग्राफी वहीं रहेगी। इसलिए वह सिर्फ मौजूदा ट्रेंड को फॉलो करने के बजाय अपने काम की विरासत को ज्यादा महत्व देना चाहती हैं। तापसी ने अपने बयान में किसी फिल्म या एक्टर का नाम नहीं लिया। हालांकि, उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने उनके कमेंट को टॉक्सिक से जोड़ दिया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ Kiara Advani नजर आई हैं। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई है और इसी वजह से कुछ यूजर्स को लगा कि तापसी शायद इसी तरह की फिल्मों की बात कर रही थीं। हालांकि, इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि तापसी पन्नू का इशारा ‘टॉक्सिक’ या कियारा आडवाणी की तरफ था। फिलहाल यह सिर्फ सोशल मीडिया यूजर्स का कयास है। तापसी ने खुद किसी फिल्म या एक्टर का नाम लेकर ऐसा कुछ नहीं कहा है।
