Sonakshi Sinha Video: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) का अनिश्चितकालीन अनशन अब 19वें दिन में पहुंच गया है। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे चिंता जता रहे हैं। आज सुबह ही टीवी अदाकारा श्वेता तिवारी का एक पोस्ट सामने आया था, जिसमें उन्होंने सोनम का खुलकर सपोर्ट किया था। अब बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा भी उनके समर्थन में सामने आई हैं। सोनाक्षी सिन्हा का एक वीडियो सामने आया है, जो कि हर तरफ वायरल हो रहा है। आइए नजर डालते है इस क्लिप पर...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Shweta Tiwari ने CJP की लगाई क्लास, Sonam Wangchuk को लेकर कह दी बड़ी बात)
सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक को किया सपोर्ट
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को अपडेट करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा, 'मैंने पहले कभी इस तरह किसी मुद्दे पर सार्वजनिक बयान नहीं दिया, लेकिन अब चुप नहीं रह सकती। हम सभी सोनम वांगचुक को जानते हैं। हम जानते हैं कि उन्होंने देश के लिए क्या किया है, उनकी उपलब्धियां क्या हैं और उन्हें कितने सम्मान मिले हैं। वह कई दिनों से भूखे हैं। उन्होंने कुछ नहीं खाया है। वह यह सब अपने लिए नहीं, बल्कि उन बच्चों के भविष्य के लिए कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई। वह उस व्यवस्था के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो सही तरीके से काम नहीं कर रही। यह बात मैं भी जानती हूं, आप भी जानते हैं और पूरा देश जानता है। आज भी बहुत से लोग इस मुद्दे पर चुप हैं, लेकिन मैं अब चुप नहीं रह सकती। जो होगा, देखा जाएगा, लेकिन मैं अपनी आवाज जरूर उठाऊंगी।'
सोनाक्षी सिन्हा ने कही ये बात
सोनाक्षी सिन्हा ने सरकार से अपील करते हुए कहा, 'आखिर उनकी बात क्यों नहीं सुनी जा रही? कोई उनसे बातचीत क्यों नहीं कर रहा? सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए। अपने बयान पर होने वाली आलोचना को लेकर सोनाक्षी ने कहा, 'मैं कोई देश विरोधी नहीं हूं।' आज सुबह टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टा पर लिखा, 'सोनम वांगचुक एक सच्चे मुद्दे के लिए लड़ रहे हैं। यह लड़ाई बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़ी है। मुझे लगता है कि सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए और उनकी चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए। मैं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तरीके से बिल्कुल सहमत नहीं हूं। मुझे लगता है कि CJP सोनम वांगचुक के आंदोलन का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए कर रही है और मैं इसका समर्थन नहीं करती। मेरा समर्थन सिर्फ सोनम वांगचुक और उनके उद्देश्य के लिए है, किसी राजनीतिक दल या संगठन के लिए नहीं। हमारे राजनीतिक मतभेद चाहे जो भी हों, लेकिन देश और शिक्षा के लिए काम करने वाले इंसान को इस तरह खोने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता। इस समय सबसे ज्यादा जरूरी है कि सोनम वांगचुक की सेहत का ध्यान रखा जाए, उनकी बात सुनी जाए और इस मामले का कोई सार्थक समाधान निकाला जाए।'
