Sharad Kapoor on Hollywood Movie And Viral Video: बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर (Sharad Kapoor) ने 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ (Josh) में शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के साथ काम किया था। इस फिल्म में उन्होंने विलेन प्रकाश शर्मा का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। हालांकि, पिछले कुछ समय से एक्टर बड़े पर्दे से दूर हैं। हाल ही में उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें वो अपने पालतू कुत्तों से अलग होने और फिल्म इंडस्ट्री में दोबारा काम मिलने की उम्मीद जताते नजर आए। इन वीडियो के वायरल होने के बाद उनके हालात को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब शरद कपूर ने खुद सामने आकर इन वीडियो के पीछे की वजह बताई है। साथ ही उन्होंने अपने करियर को लेकर भी एक बड़ी जानकारी शेयर की है।
वायरल वीडियो के बीच शरद कपूर को मिली हॉलीवुड फिल्म, जनवरी में शुरू करेंगे शूटिंग; ‘जोश’ में निभाया था विलेन का रोल (Image Source: X/ Reddit)
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें:Shah Rukh Khan के को-स्टार Sharad Kapoor का ये हाल देख रो पड़ेंगे आप, वीडियो कर देगा इमोशनल
एक्टर ने बताई वीडियो की सच्चाई
एक्टर शरद कपूर एक बार फिर से खबरों में है। इसकी वजह शरद कपूर का अभी हाल ही में दिया एक इंटरव्यू है। शरद कपूर ने बताया है कि उन्होंने अपने चार पालतू कुत्तों को एनिमल शेल्टर में क्यों छोड़ा। शुक्रवार को इस घटना का एक वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने इसकी वजह बताई। HT City से बात करते हुए शरद ने बताया कि 'मैं फुटबॉल खेलने के लिए बार्सिलोना गया था। वहां खेलते समय मेरा पैर दूसरे खिलाड़ी के पैर से टकरा गया और मुझे काफी गंभीर चोट लग गई। पैर में चोट लगने की वजह से मैं अपने चारों कुत्तों की देखभाल नहीं कर पा रहा था। आपको उन्हें बाहर घुमाने ले जाना पड़ता है, उनकी सही देखभाल करनी होती है और घर भी काफी गंदा हो जाता है। मेरे डॉक्टर ने मुझे आराम करने की सलाह दी है और कहा है कि दो महीने में मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा और मुझे कोई परेशानी नहीं होगी। इसके बाद मैं फिर से पहले की तरह फिट हो जाऊंगा। मैं अपने पालतू कुत्तों को भी वापस घर लाने का इरादा रखता हूं। फिलहाल ये एक अस्थायी इंतजाम है, क्योंकि अभी मैं उनकी देखभाल नहीं कर सकता।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं अपना मौजूदा घर बेच रहा हूं और मड आइलैंड में शिफ्ट हो रहा हूं। मैंने उस बंगले के लिए एडवांस भी दे दिया है। उसमें सात बेडरूम हैं और मेरे कुत्तों के लिए काफी जगह है। वे वहां आराम से रह सकेंगे। मेरा हमेशा से यही प्लान था कि मैं अपने पालतू कुत्तों को वापस घर ले आऊं।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें:Exclusive: 'वो दरियादिल इंसान है'- Chak De! India की विद्या मालवडे ने की Shah Rukh Khan की तारीफ
हॉलीवुड में करेंगे काम
इस बीच, एक्टर का एक और वीडियो ऑनलाइन सामने आया, जिसमें वो इंडस्ट्री के अपने साथियों से काम मांगते नजर आए। पिछले दो से तीन साल से पर्दे से दूर शरद ने साफ किया कि उनका ये वीडियो आर्थिक मदद मांगने या अपने साथ काम करने वाले लोगों के बारे में बुरा बोलने के लिए नहीं था। उन्होंने कहा, 'मैं पिछले सात साल से न्यूयॉर्क में रह रहा था। मैं सिर्फ एक साल पहले ही वापस आया हूं। वीडियो बनाने का मकसद अपने साथियों के बारे में बुरा बोलना नहीं था। मेरी इंडस्ट्री में सभी लोग मेरे अपने हैं। वे मेरे परिवार की तरह हैं। मुझे पैसों की मदद नहीं चाहिए और मैंने कभी इस वजह से कोई प्रोजेक्ट भी नहीं चुना। अगर हम एक-दूसरे के बारे में बुरा बोलेंगे, तो इससे लोगों को भी हमारे बारे में बुरा बोलने का मौका मिलेगा। मुझे पहले ही एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिल चुका है, जिसकी शूटिंग मैं जनवरी में शुरू करने वाला हूं। मैं बॉलीवुड के प्रोजेक्ट्स पर भी काम जारी रखूंगा। ये मेरा देश है। जैसे ही मैं दो महीने में पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा, सब कुछ फिर से पटरी पर लौट आएगा।'
