बॉलीवुड

Ramayana Pratham Sankalp: रणबीर कपूर ने की अरुण गोविल की तारीफ, यश-सनी देओल ने दिया ये बयान

  • Authored by: अभय
  • Updated Jul 19, 2026, 07:58 AM IST

Ramayana Pratham Sankalp Event: रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) की फिल्म रामायण को लेकर दिल्ली में हुए इवेंट से अब स्टार्स के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। तो चलिए जानते हैं किस स्टार ने क्या बोला।

Image

इवेंट में रणबीर कपूर और यश ने कही ये बात (Image Source: Ramayana Pratham Sankalp Event)

Ramayana Pratham Sankalp Event: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) की फिल्म रामायण को लेकर एक के बाद एक अपडेट सामने आ रहे हैं। अभी हाल ही में फिल्म रामायण को लेकर दिल्ली में एक इवेंट हुआ था, जिसमें कुछ खास लोगों को मूवी का ट्रेलर दिखाया गया। इस इवेंट से जुड़े कई वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर जमकर वयारल हो रहे हैं। रणबीर कपूर के लुक से लेकर सनी देओल के अंदाज तक सबकी तारीफ हो रही है। इन सब के बीच अब इवेंट से फिल्म रामायण की कास्ट का रिएक्शन सामने आने शुरू हो गए हैं। तो चलिए जानते हैं किस स्टार ने क्या बोला है।

हनुमान का किरदार निभाने पर क्या बोले सनी देओल?

'रामायण: प्रथम संकल्प' इवेंट में सनी देओल ने कहा, 'मैंने अभी इस फिल्म पर थोड़ा ही काम शुरू किया है। मुझे अभी काफी आगे जाना है। रामायण हम हिंदुस्तानियों के लिए सबसे बड़ी चीज है। मैं वाहे गुरु जी का शुक्रिया अदा करता हूं कि मुझे हनुमान जी का किरदार निभाने का मौका मिला। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि इस रोल को सही तरीके से निभा सकूं, क्योंकि हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं है, लेकिन इसमें बहुत मजा आएगा। वह नटखट हैं, मासूम हैं, ताकतवर हैं और आप सभी के प्यारे हैं। सबसे बड़ी बात, वह राम जी के भक्त हैं। हमें आप सभी का आशीर्वाद चाहिए। नमित मल्होत्रा ने इतना बड़ा प्रोजेक्ट उठाया है। मुझे पूरा भरोसा है कि हर हिंदुस्तानी 'रामायण' देखने जाएगा।'

यश ने की रणबीर कपूर की तारीफ

इतने बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने को लेकर यश ने सबसे पहले निर्माता नमित मल्होत्रा का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "मुझे ये मौका देने के लिए आपका धन्यवाद। मैं इस शानदार प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। इसका पूरा श्रेय नमित मल्होत्रा को जाता है कि उन्होंने इसे इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने मुझे यह किरदार निभाने का मौका दिया और मुझे हिंदी सीखने का भी अवसर मिला।' यश ने कहा कि इस फिल्म से जुड़ा हर शख्स एक ही सोच के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'हम सभी एक साथ आए हैं। इस फिल्म से जुड़ा हर इंसान सिर्फ एक ही मकसद लेकर काम कर रहा है और वो है भगवान श्रीराम की कहानी को दुनिया के सामने ले जाना। हम सबने अपने बाकी हितों को एक तरफ रख दिया है। हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है, भगवान श्रीराम की कहानी को पूरी दुनिया तक पहुंचाना और अपने देश में उनका जश्न मनाना।' यश ने कहा कि 'रामायण' में दर्शकों को रणबीर कपूर का अब तक का सबसे बेहतरीन काम देखने को मिलेगा। यश ने कहा, 'रणबीर, आपने कमाल का काम किया है। मुझे लगता है कि पूरा भारत देखेगा कि आपने इस किरदार के लिए खुद को किस तरह पूरी तरह समर्पित कर दिया और क्या जादू किया है। साई शानदार एक्ट्रेस हैं। सीता के किरदार में उन्हें देखना अपने आप में खास होगा। उनकी आंखें ही सब कुछ कह देती हैं।'

सीता का किरदार निभाने पर क्या बोलीं साई पल्लवी?

'रामायण: प्रथम संकल्प' इवेंट में साई पल्लवी, रणबीर कपूर के साथ मंच पर पहुंचीं। इस दौरान नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और मंच पर मौजूद सभी लोगों ने कहा कि शायद पहली बार असल जिंदगी में राम और सीता एक साथ मंच पर खड़े हैं।अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए साई पल्लवी ने कहा, 'एक कलाकार के लिए ऐसा किरदार मिलना आसान नहीं होता, क्योंकि किसी देवी का रोल निभाना आसान नहीं है। इसके लिए ऐसी टीम चाहिए, जो अपना पूरा दिल और मेहनत लगाकर दुनिया के सामने इसका सबसे अच्छा रूप पेश करना चाहती हो। क्योंकि आने वाले समय में लोग इसी फिल्म को याद करेंगे और इसे देखकर सीखेंगे। मुझे इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाने के लिए आपका धन्यवाद।' साई ने आगे कहा, 'जब सीता मां का किरदार निभाने की बात आती है, तो मुझे नहीं लगता कि मैंने इस रोल को चुना। मुझे लगता है कि मुझे यह आशीर्वाद मिला है। ये ऐसा किरदार नहीं है जिसके पीछे आप भाग सकते हैं या पहले से तय कर सकते हैं कि इसे कैसे निभाएंगे। मैं बस ध्यान करती थी और सीता मां से कहती थी कि आप ही मेरे जरिए अभिनय कीजिए। फिल्म के लिए जो भी सही हो, वही मेरे जरिए सामने आए।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं हमेशा कोशिश करती थी कि कम से कम मेरे विचार पूरी तरह साफ रहें, ताकि मेरा सबसे अच्छा रूप पर्दे पर दिखाई दे। इस कोशिश में मैंने बहुत कुछ सीखा। आज का दिन हम सभी के लिए बहुत खास है। मैंने इस फिल्म पर करीब तीन साल काम किया, लेकिन टीम के कई लोग पिछले दस साल से भी ज्यादा समय से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। ये फिल्म हम सभी के लिए बहुत खास है। मैं खुद को सौभाग्यशाली भी मानती हूं।'

रणबीर कपूर ने अरुण गोविल को बताया अपनी प्रेरणा

रणबीर कपूर ने अपनी बात 'जय श्रीराम' बोलकर शुरू की। उन्होंने बताया कि उन्हें कंजंक्टिवाइटिस हो गया है, इसलिए संक्रमण फैलने से बचने के लिए उन्होंने काला चश्मा पहन रखा है। रणबीर ने अपनी बात अरुण गोविल को समर्पित करते हुए कहा कि 'रामायण' में वो राजा दशरथ के रोल में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि अरुण गोविल हमेशा उनके लिए प्रेरणा रहे हैं और उन्होंने पर्दे पर भगवान श्रीराम के आदर्शों को पूरी गरिमा के साथ निभाया है। रणबीर ने कहा, 'आपने इतने सालों तक इस जिम्मेदारी को इतनी खूबसूरती, सच्चाई और गरिमा के साथ निभाया है। आपका ये सफर सिर्फ मेरे जैसे कलाकारों के लिए नहीं, बल्कि हर उस इंसान के लिए प्रेरणा है जिसने रामानंद सागर की 'रामायण' देखी है। आपने लोगों के दिलों में भरोसा और प्रेरणा जगाई है। जिस तरह आपने भगवान श्रीराम को अपने भीतर उतारा, अगर मैं उसका थोड़ा सा भी कर पाया तो मेरी मेहनत सफल हो जाएगी। बचपन से ही भगवान श्रीराम का आशीर्वाद, उनकी सीख और आपका चेहरा मेरे दिल में बसा है। हम आपसे अपने फैमली के मेंबर की तरह प्यार करते हैं।' तो वही अरुण गोविल ने भी इवेंट में बयान दिया। अरुण गोविल ने कहा कि 'राम शब्द बहुत छोटा सा शब्द है, लेकिन ये हमारे पूरे जीवन में बुन दिया गया है। हम कहते हैं ‘हाय राम’, ‘अरे राम’, ‘राम राम’ और यहां तक कि ‘राम दुहाई’ भी। हमारे चारों तरफ सब कुछ राम से भरा हुआ है'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article