बॉलीवुड के सफल निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन ने दर्शकों को खून भरी मांग, कहो ना प्यार है, करण अर्जुन और कोई मिल गया जैसी सुपरहिट मूवीज दी हैं, जिन्होंने दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया है। राकेश रोशन ने लगभग हर एक जॉनर की फिल्में बनाई हैं और कभी भी एक्सपेरिमेंट करने से कतराए नहीं हैं। जल्द ही उनके परिवार पर बनी डॉक्यूमेंट्री द रोशन्स रिलीज होगी, जिसमें कई बड़े खुलासे होंगे लेकिन उन खुलासों से पहले राकेश रोशन ने बॉलीवुड बनाम साउथ की डिबेट को लेकर एक बड़ा दावा किया है, जो कई लोगों को चौंका सकता है।
पिछले कुछ समय से साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मूवीज दर्शकों को भा रही हैं और बॉलीवुड फिल्में लगातार फ्लॉप हो रही हैं। राकेश रोशन ने साउथ की सफलता और बॉलीवुड की स्ट्रगल पर बात करते हुए कहा है कि हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री एक्सपेरिमेंट करने से कतरा नहीं रही है, जिस कारण उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मिक्स्ड रिस्पांस पा रही हैं जबकि साउथ इंडस्ट्री पुराने ही आइडिया पर मूवीज बना रही है और पैसे लूट रही है।
जूम से बात करते हुए राकेश रोशन ने कहा है, 'साउथ की फिल्में जमीन से जुड़ी हुई हैं। साउथ के डायरेक्टर्स आज भी पुराने टाइम का ही एक्शन-सॉन्ग-डायलॉग्स और इमोशन दिखा रहे हैं और आगे नहीं बढ़ रहे हैं। तकनीकि तौर पर साउथ इंडस्ट्री आगे है लेकिन उनका फॉर्मूला वही पुराना है। वो सफल हैं क्योंकि वो पाथ ब्रेकिंग कुछ नहीं बना रहे हैं।'
बॉलीवुड की तारीफ करते हुए राकेश रोशन ने कहा है, 'हम पाथ ब्रेकिंग काम कर रहे हैं। कहो ना प्यार है के बाद मैंने रोमांटिक फिल्म नहीं बनाई। मैंने कोई मिल गया बनाई और रोहित जैसा सुपरहीरो दर्शकों को दिया। हमने एक चैलेंज लिया और दर्शकों को कुछ नया दिया। साउथ के निर्माता-निर्देशक ऐसा नहीं करते हैं और सेफ ग्राउंड पर ही रहना पसंद करते हैं।'
