Dharmendra Latest News: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के हीमैन धर्मेंद्र की तबीयत पिछले 3-4 दिनों से मीडिया में छायी हुई है। देओल परिवार उन्हें अचानक लेकर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचा, जिसके बाद से ही चारों ओर धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर बातें होने लगीं। एक वक्त तो ऐसा भी आ गया जब सोशल मीडिया पर उनकी मृत्यु की अफवाह ने लाखों लोगों का दिल तोड़ दिया लेकिन तभी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी हेमा मालिनी ने सफाई जारी की और ऐसी खबरों को फैलाने वालों को फटकार लगाई। मृत्यु की अफवाह से देओल परिवार इतना परेशान हो गया कि ये फैसला लिया गया कि धर्मेंद्र का आगे का इलाज घर पर ही कराया जाए क्योंकि अस्पताल में रहने की वजह से काफी सारी अफवाहें उड़ रही हैं। (इसे भी पढ़ें: 'बच्चों की रातों की नींद उड़ गई...' अस्पताल से लौटे धर्मेंद्र, हेमा मालिनी ने ली चैन की सांस)
जब तक देओल परिवार ने धर्मेंद्र को घर पर लाने का फैसला लिया, तब तक उनकी तबीयत में थोड़ा सुधार भी होने लगा था। धर्मेंद्र की ठीक रिकवरी देखकर डॉक्टर्स ने देओल परिवार के फैसले को हरी झंडी दे दी। सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और अभय देओल 12 नवम्बर की सुबह-सुबह धर्मेंद्र को अस्पताल से घर ले आए। अब धर्मेंद्र का इलाज घर पर ही चलेगा और डॉक्टर्स लगातार उनकी तबीयत का ख्याल रखेंगे ताकि वो जल्द ठीक हो पाएं।
धर्मेंद्र के घर आने से फैंस और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है लेकिन ये सवाल भी हर कोई पूछ रहा है कि ये फैसला किसने लिया था कि हीमैन को अस्पताल से घर लेकर आया जाए? मीडिया में फैल रही खबरों की मानें तो धर्मेंद्र की पत्नी प्रकाश कौर ने सनी देओल और बॉबी देओल से ये कहा था कि वो पिता धर्मेंद्र को घर ले आएं क्योंकि दवा के साथ-साथ अपनों का प्यार भी धर्मेंद्र के लिए जरूरी है।
मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतित समदानी ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया है कि धर्मेंद्र की पत्नी प्रकाश कौर के साथ-साथ सनी देओल और बॉबी देओल की भी ये मर्जी थी कि धर्मेंद्र का आगे का इलाज घर से ही हो। वो चाहते थे कि धर्मेंद्र घरवालों के साथ वक्त बिताएं और घर लौट आएं। परिवार का ये मानना था कि घरवाले धर्मेंद्र की जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं और जब वो सबके बीच रहेंगे तो जल्दी रिकवर होंगे।
बताते चलें कि जब से धर्मेंद्र घर पहुंचे हैं तब से उनकी तबीयत स्थिर है और वो रिकवर कर रहे हैं। 13 नवम्बर की सुबह सनी देओल को मॉर्निंग वॉक पर भी देखा गया, जिसके बाद फैंस चैन की सांस ले रहे हैं। धर्मेंद्र का इलाज एक तरफ चल रहा है तो वहीं दूसरी तरफ देओल परिवार नॉर्मल लाइफ की तरफ लौटने की कोशिश कर रहा है क्योंकि बीते 3-4 दिन सबके लिए काफी भारी रहे हैं।