Neena Kulkarni on fake death news: भारतीय सिनेमा की सीनियर अदाकारा नीना कुलकर्णी की मृत्यु की खबर इंटरनेट पर वायरल हो रही है। टीवी शो ये है मोहब्बतें में अपनी शानदार अदाकारी से लोगों का दिल जीत चुकी 69 साल की नीना कुलकर्णी के फैंस इन खबरों से बेचैन हो उठे हैं और उन्होंने इंटरनेट पर चिंता जताना शुरू कर दिया है। बेचैन फैंस को देखते हुए नीना कुलकर्णी (Neena Kulkarni) ने सोशल मीडिया पर सफाई दी है कि वो बिल्कुल ठीक हैं। नीना कुलकर्णी के इस बयान के बाद फैंस की सांसें लौटी हैं। नीना कुलकर्णी (Neena Kulkarni Death News) ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वो जिंदा हैं और मजे कर रही हैं।
नीना कुलकर्णी ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करते हुए लिखा है, 'यूट्यूब पर मेरी हेल्थ के बारे में एक झूठी खबर चलाई जा रही है कि मेरी मृत्यु हो चुकी है। मैं एकदम ठीक हूं और जिंदगी में मजे कर रही हूं। भगवान की कृपा है कि मैं काम कर रही हूं और खुश हूं। आप लोग भी मेरी मृत्यु की खबरों पर भरोसा न करें और न ही इन्हें बढ़ावा दें। भगवान मुझे लम्बी उम्र प्रदान करें।'
नीना कुलकर्णी कमाल, एक पॉकेट उम्मीद और देव्यानी जैसे शोज में काम कर चुकी हैं, जिनकी वजह से उन्हें घर-घर में पहचान मिली है। साल 2023 में दर्शकों ने उन्हें परेश रावल की शास्त्री विरुद्ध शास्त्री में भी देखा था और कुछ दिनों पहले वो अनुपम खेर की जी5 पर रिलीज हुई इमोशनल मूवी में भी दिखाई दी थीं। बताते चलें कि यह पहला मौका नहीं है जब किसी कलाकार के बारे में ऐसी अफवाहें उड़ी हैं। इंडस्ट्री के कई सारे कलाकार इस तरह की अफवाहों के शिकार हो चुके हैं।
