Suniel Shetty on KL Rahul-Athiya Shetty Reception: सालों तक डेट करने और अपने रिश्ते को लंबे समय तक छुपा कर रखने के बाद आखिरकार अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी एक्ट्रेस अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने सोमवार को अथिया के अभिनेता-पिता सुनील शेट्टी के खंडाला फार्महाउस में एक निजी अंतरंग समारोह में शादी की। शादी समारोह पूरा होने के बाद दोनों के रिसेप्शन की चर्चा शुरू हुईं और अटकलों को शांत करते हुए सुनील शेट्टी ने कंफर्म कर दिया है कि रिसेप्शन समारोह शादी के तुरंत बाद नहीं होने वाला है।
बॉलीवुड अभिनेता ने स्पष्ट तौर पर बताया कि उनकी बेटी और क्रिकेटर केएल राहुल का रिसेप्शन आईपीएल 2023 के बाद होगा। केएल राहुल शादी के बाद अपने आगामी आईपीएल कार्यक्रम की तैयारी में व्यस्त होने वाले हैं और वह आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे।
केएल राहुल और अथिया शेट्टी की शादी का उत्सव शनिवार को शुरू हुआ और इसके बाद फार्महाउस में सजावट की कई तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आने लगे। रविवार की रात, परिवार ने एक संगीत समारोह की मेजबानी की, जिसमें उनके परिवार के सदस्यों के साथ करीबी दोस्तों को बुलाया गया था।
खबरों के अनुसार केएल राहुल और अथिया शेट्टी के परिजनों ने शादी में 'नो फोन पॉलिसी' का फैसला किया था, जिसमें समारोह में शामिल करीब 100 मेहमानों से अनुरोध किया गया था कि वे फोटो या वीडियो ऑनलाइन पोस्ट ना करें।
