Khosla Ka Ghosla 2 Update: साल 2006 में आई कॉमेडी फिल्म ‘खोसला का घोसला’ ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई की थी। अब इस फिल्म का सीक्वल ‘खोसला का घोसला 2’ (Khosla Ka Ghosla 2) बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा। अनुपम खेर और बोमन ईरानी स्टारर इस फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट सामने आ गई है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-CJP प्रदर्शन पर सवाल उठाने के बाद Ranvir Shorey को मिली धमकी, मुंबई पुलिस से की शिकायत)
खोसला का घोसला 2 को लेकर आया अपडेट
फिल्म खोसला का घोसला 2 के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक नए पोस्टर के साथ रिलीज डेट का ऐलान किया है। अब ‘खोसला का घोसला 2’ 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं ने पोस्ट के साथ लिखा, 'डील पक्की! खोसला परिवार सिनेमाघरों पर कब्जा करने के लिए तैयार है। ‘खोसला का घोसला 2’ 5 मार्च 2027 को बड़े पर्दे पर आएगी।' फिल्म के नए पोस्टर में अनुपम खेर और बोमन ईरानी के साथ कई पुराने कलाकार भी नजर आ रहे हैं। सीक्वल में तारा शर्मा, रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और परवीन डबास भी अपनी भूमिकाओं में लौटेंगे। इनके अलावा रवि किशन और दिव्या खोसला कुमार भी फिल्म का हिस्सा होंगे।
पहली फिल्म को आज भी पसंद करते हैं दर्शक
दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘खोसला का घोसला’ एक मध्यमवर्गीय परिवार की कहानी थी। इस परिवार की जमीन धोखाधड़ी के जरिए एक प्रॉपर्टी डीलर के कब्जे में चली जाती है। इसके बाद परिवार अपनी जमीन वापस पाने के लिए कोशिश करता है। फिल्म में पारिवारिक नोकझोंक, आम लोगों की परेशानियों और ताकतवर प्रॉपर्टी डीलर से मुकाबला करने की कहानी को मजेदार अंदाज में दिखाया गया था। यही वजह है कि फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला और समय के साथ इसने कल्ट फिल्म का दर्जा हासिल कर लिया। मूवी के पहले पार्ट को तो लोगों ने खूब प्यार दिया था। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि खोसला का घोसला 2 को लोग कितना प्यार देते हैं।
